---
title: "बालकाण्ड दोहा 267"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-267"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 267

**चौ०** 
> बैनतेय बलि जिमि चह कागू । जिमि ससु चहै नाग अरि भागू ॥  
> जिमि चह कुसल अकारन कोही । सब संपदा चहै सिवद्रोही ॥ १ ॥

भावार्थ: जैसे गरुड़का भाग कौआ चाहे, सिंहका भाग खरगोश चाहे, बिना कारण ही क्रोध करनेवाला अपनी कुशल चाहे, शिवजीसे विरोध करनेवाला सब प्रकारकी सम्पत्ति चाहे, ॥ १ ॥

**चौ०** 
> लोभी लोलुप कल कीरति चहई । अकलंकता कि कामी लहई ॥  
> हरि पद बिमुख परम गति चाहा । तस तुम्हार लालचु नरनाहा ॥ २ ॥

भावार्थ: लोभी-लालची सुन्दर कीर्ति चाहे, कामी मनुष्य निष्कलंकता [ चाहे तो ] क्या पा सकता है? और जैसे श्रीहरिके चरणोंसे विमुख मनुष्य परमगति ( मोक्ष ) चाहे, हे राजाओ! सीताके लिये तुम्हारा लालच भी वैसा ही व्यर्थ है॥ २ ॥

**चौ०** 
> कोलाहलु सुनि सीय सकानी । सखीं लवाइ गईं जहँ रानी ॥  
> रामु सुभायँ चले गुरु पाहीं । सिय सनेहु बरनत मन माहीं ॥ ३ ॥

भावार्थ: कोलाहल सुनकर सीताजी शंकित हो गयीं। तब सखियाँ उन्हें वहाँ ले गयीं जहाँ रानी ( सीताजीकी माता ) थीं। श्रीरामचन्द्रजी मनमें सीताजीके प्रेमका बखान करते हुए स्वाभाविक चालसे गुरुजीके पास चले॥ ३ ॥

**चौ०** 
> रानिन्ह सहित सोचबस सीया । अब धौं बिधिहि काह करनीया ॥  
> भूप बचन सुनि इत उत तकहीं । लखनु राम डर बोलि न सकहीं ॥ ४ ॥

भावार्थ: रानियोंसहित सीताजी [ दुष्ट राजाओंके दुर्वचन सुनकर ] सोचके वश हैं कि न जाने विधाता अब क्या करनेवाले हैं। राजाओंके वचन सुनकर लक्ष्मणजी इधर-उधर ताकते हैं; किन्तु श्रीरामचन्द्रजीके डरसे कुछ बोल नहीं सकते॥ ४ ॥

**दो०** 
> अरुन नयन भृकुटी कुटिल चितवत नृपन्ह सकोप ।  
> मनहुँ मत्त गजगन निरखि सिंघकिसोरहि चोप ॥ २६७ ॥

भावार्थ: उनके नेत्र लाल और भौंहें टेढ़ी हो गयीं और वे क्रोधसे राजाओंकी ओर देखने लगे; मानो मतवाले हाथियोंका झुंड देखकर सिंहके बच्चेको जोश आ गया हो॥ २६७ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-266  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-268

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
