---
title: "बालकाण्ड दोहा 265"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-265"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 265

**चौ०** 
> पुर अरु ब्योम बाजने बाजे। खल भए मलिन साधु सब राजे॥  
> सुर किंनर नर नाग मुनीसा। जय जय जय कहि देहिं असीसा॥१॥

भावार्थ: नगर और आकाशमें बाजे बजने लगे। दुष्टलोग उदास हो गये और सज्जनलोग सब प्रसन्न हो गये। देवता, किन्नर, मनुष्य, नाग और मुनीश्वर जय-जयकार करके आशीर्वाद दे रहे हैं॥१॥

**चौ०** 
> नाचहिं गावहिं बिबुध बधूटीं । बार बार कुसुमांजलि छूटीं ॥  
> जहँ तहँ बिप्र बेदधुनि करहीं । बंदी बिरिदावलि उच्चरहीं ॥ २ ॥

भावार्थ: देवताओंकी स्त्रियाँ नाचती-गाती हैं। बार-बार हाथोंसे पुष्पोंकी अञ्जलियाँ छूट रही हैं। जहाँ-तहाँ ब्राह्मण वेदध्वनि कर रहे हैं और भाटलोग विरुदावली ( कुलकीर्ति ) बखान रहे हैं॥२॥

**चौ०** 
> महि पाताल नाक जसु ब्यापा । राम बरी सिय भंजेउ चापा ॥  
> करहिं आरती पुर नर नारी । देहिं निछावरि बित्त बिसारी ॥ ३ ॥

भावार्थ: पृथ्वी, पाताल और स्वर्ग तीनों लोकोंमें यश फैल गया कि श्रीरामचन्द्रजीने धनुष तोड़ दिया और सीताजीको वरण कर लिया। नगरके नर-नारी आरती कर रहे हैं और अपनी पूँजी ( हैसियत ) को भुलाकर ( सामर्थ्यसे बहुत अधिक ) निछावर कर रहे हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> सोहति सीय राम कै जोरी । छबि सिंगारु मनहुँ एक ठोरी ॥  
> सखीं कहहिं प्रभुपद गहु सीता । करति न चरन परस अति भीता ॥ ४ ॥

भावार्थ: श्रीसीता-रामजीकी जोड़ी ऐसी सुशोभित हो रही है मानो सुन्दरता और शृंगाररस एकत्र हो गये हों। सखियाँ कह रही हैं—सीते! स्वामीके चरण छुओ; किन्तु सीताजी अत्यन्त भयभीत हुई उनके चरण नहीं छूतीं॥ ४ ॥

**दो०** 
> गौतम तिय गति सुरति करि नहिं परसति पग पानि ।  
> मन बिहसे रघुबंसमनि प्रीति अलौकिक जानि ॥ २६५ ॥

भावार्थ: गौतमजीकी स्त्री अहल्याकी गतिका स्मरण करके सीताजी श्रीरामजीके चरणोंको हाथोंसे स्पर्श नहीं कर रही हैं। सीताजीकी अलौकिक प्रीति जानकर रघुकुलमणि श्रीरामचन्द्रजी मनमें हँसे॥ २६५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-264  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-266

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
