---
title: "बालकाण्ड दोहा 262"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-262"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 262

**चौ०** 
> प्रभु दोउ चापखंड महि डारे। देखि लोग सब भए सुखारे॥  
> कौसिकरूप पयोनिधि पावन। प्रेम बारि अवगाहु सुहावन॥१॥

भावार्थ: प्रभुने धनुषके दोनों टुकड़े पृथ्वीपर डाल दिये। यह देखकर सब लोग सुखी हुए। विश्वामित्ररूपी पवित्र समुद्रमें, जिसमें प्रेमरूपी सुन्दर अथाह जल भरा है,॥१॥

**चौ०** 
> रामरूप राकेसु निहारी। बढ़त बीचि पुलकावलि भारी॥  
> बाजे नभ गहगहे निसाना। देवबधू नाचहिं करि गाना॥२॥

भावार्थ: रामरूपी पूर्णचन्द्रको देखकर पुलकावलीरूपी भारी लहरें बढ़ने लगीं। आकाशमें बड़े जोरसे नगाड़े बजने लगे और देवाङ्गनाएँ गान करके नाचने लगीं॥२॥

**चौ०** 
> ब्रह्मादिक सुर सिद्ध मुनीसा। प्रभुहि प्रसंसहिं देहिं असीसा॥  
> बरिसहिं सुमन रंग बहु माला। गावहिं किंनर गीत रसाला॥३॥

भावार्थ: ब्रह्मा आदि देवता, सिद्ध और मुनीश्वरलोग प्रभुकी प्रशंसा कर रहे हैं और आशीर्वाद दे रहे हैं। वे रंग-बिरंगे फूल और मालाएँ बरसा रहे हैं। किन्नरलोग रसीले गीत गा रहे हैं॥३॥

**चौ०** 
> रही भुवन भरि जय जय बानी। धनुषभंग धुनि जात न जानी॥  
> मुदित कहहिं जहँ तहँ नर नारी। भंजेउ राम संभुधनु भारी॥४॥

भावार्थ: सारे ब्रह्माण्डमें जय-जयकारकी ध्वनि छा गयी, जिसमें धनुष टूटनेकी ध्वनि जान ही नहीं पड़ती। जहाँ-तहाँ स्त्री-पुरुष प्रसन्न होकर कह रहे हैं कि श्रीरामचन्द्रजीने शिवजीके भारी धनुषको तोड़ डाला॥४॥

**दो०** 
> बंदी मागध सूतगन बिरुद बदहिं मतिधीर।  
> करहिं निछावरि लोग सब हय गय धन मनि चीर॥२६२॥

भावार्थ: धीर बुद्धिवाले, भाट, मागध और सूतलोग विरुदावली ( कीर्ति ) का बखान कर रहे हैं। सब लोग घोड़े, हाथी, धन, मणि और वस्त्र निछावर कर रहे हैं॥२६२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-261  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-263

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
