---
title: "बालकाण्ड दोहा 260"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-260"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 260

**चौ०** 
> दिसिकुंजरहु कमठ अहि कोला। धरहु धरनि धरि धीर न डोला॥  
> रामु चहहिं संकर धनु तोरा। होहु सजग सुनि आयसु मोरा॥१॥

भावार्थ: हे दिग्गजो! हे कच्छप! हे शेष! हे वाराह! धीरज धरकर पृथ्वीको थामे रहो, जिसमें यह हिलने न पावे। श्रीरामचन्द्रजी शिवजीके धनुषको तोड़ना चाहते हैं। मेरी आज्ञा सुनकर सब सावधान हो जाओ॥१॥

**चौ०** 
> चाप समीप रामु जब आए। नर नारिन्ह सुर सुकृत मनाए॥  
> सब कर संसउ अरु अग्यानू। मंद महीपन्ह कर अभिमानू॥२॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजी जब धनुषके समीप आये, तब सब स्त्री-पुरुषोंने देवताओं और पुण्योंको मनाया। सबका सन्देह और अज्ञान, नीच राजाओंका अभिमान,॥२॥

**चौ०** 
> भृगुपति केरि गरब गरुआई। सुर मुनिबरन्ह केरि कदराई॥  
> सिय कर सोचु जनक पछितावा। रानिन्ह कर दारुन दुख दावा॥३॥

भावार्थ: परशुरामजीके गर्वकी गुरुता, देवता और श्रेष्ठ मुनियोंकी कातरता ( भय ), सीताजीका सोच, जनकका पश्चात्ताप और रानियोंके दारुण दुःखका दावानल,॥३॥

**चौ०** 
> संभुचाप बड़ बोहितु पाई। चढ़े जाइ सब संगु बनाई॥  
> राम बाहुबल सिंधु अपारू। चहत पारु नहिं कोउ कड़हारू॥४॥

भावार्थ: ये सब शिवजीके धनुषरूपी बड़े जहाजको पाकर, समाज बनाकर उसपर जा चढ़े। ये श्रीरामचन्द्रजीकी भुजाओंके बलरूपी अपार समुद्रके पार जाना चाहते हैं, परन्तु कोई केवट नहीं है॥४॥

**दो०** 
> राम बिलोके लोग सब चित्र लिखे से देखि।  
> चितई सीय कृपायतन जानी बिकल बिसेषि॥२६०॥

भावार्थ: श्रीरामजीने सब लोगोंकी ओर देखा और उन्हें चित्रमें लिखे हुए-से देखकर फिर कृपाधाम श्रीरामजीने सीताजीकी ओर देखा और उन्हें विशेष व्याकुल जाना॥२६०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-259  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-261

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
