---
title: "बालकाण्ड दोहा 26"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-26"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 26

**चौ०** 
> नाम प्रसाद संभु अबिनासी। साजु अमंगल मंगल रासी॥  
> सुक सनकादि सिद्ध मुनि जोगी। नाम प्रसाद ब्रह्मसुख भोगी॥१॥

भावार्थ: नामहीके प्रसादसे शिवजी अविनाशी हैं और अमङ्गल वेषवाले होनेपर भी मङ्गलकी राशि हैं। शुकदेवजी और सनकादि सिद्ध, मुनि, योगीगण नामके ही प्रसादसे ब्रह्मानन्दको भोगते हैं॥१॥

**चौ०** 
> नारद जानेउ नाम प्रतापू। जग प्रिय हरि हरि हर प्रिय आपू॥  
> नामु जपत प्रभु कीन्ह प्रसादू। भगत सिरोमनि भे प्रहलादू॥२॥

भावार्थ: नारदजीने नामके प्रतापको जाना है। हरि सारे संसारको प्यारे हैं, [ हरिको हर प्यारे हैं ] और आप ( श्रीनारदजी ) हरि और हर दोनोंको प्रिय हैं। नामके जपनेसे प्रभुने कृपा की, जिससे प्रह्लाद भक्तशिरोमणि हो गये॥२॥

**चौ०** 
> ध्रुवँ सगलानि जपेउ हरि नाऊँ। पायउ अचल अनूपम ठाऊँ॥  
> सुमिरि पवनसुत पावन नामू। अपने बस करि राखे रामू॥३॥

भावार्थ: ध्रुवजीने ग्लानिसे ( विमाताके वचनोंसे दुखी होकर सकामभावसे ) हरिनामको जपा और उसके प्रतापसे अचल अनुपम स्थान ( ध्रुवलोक ) प्राप्त किया। हनुमान्‌जीने पवित्र नामका स्मरण करके श्रीरामजीको अपने वशमें कर रखा है॥३॥

**चौ०** 
> अपतु अजामिलु गजु गनिकाऊ। भए मुकुत हरि नाम प्रभाऊ॥  
> कहौं कहाँ लगि नाम बड़ाई। रामु न सकहिं नाम गुन गाई॥४॥

भावार्थ: नीच अजामिल, गज और गणिका ( वेश्या ) भी श्रीहरिके नामके प्रभावसे मुक्त हो गये। मैं नामकी बड़ाई कहाँतक कहूँ, राम भी नामके गुणोंको नहीं गा सकते॥४॥

**दो०** 
> नामु राम को कलपतरु कलि कल्यान निवासु।  
> जो सुमिरत भयो भाँग तें तुलसी तुलसीदासु॥२६॥

भावार्थ: कलियुगमें रामका नाम कल्पतरु ( मनचाहा पदार्थ देनेवाला ) और कल्याणका निवास ( मुक्तिका घर ) है, जिसको स्मरण करनेसे भाँग-सा ( निकृष्ट ) तुलसीदास तुलसीके समान [ पवित्र ] हो गया॥२६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-25  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-27

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
