---
title: "बालकाण्ड दोहा 258"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-258"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 258

**चौ०** 
> नीकें निरखि नयन भरि सोभा। पितु पनु सुमिरि बहुरि मनु छोभा॥  
> अहह तात दारुनि हठ ठानी। समुझत नहिं कछु लाभु न हानी॥१॥

भावार्थ: अच्छी तरह नेत्र भरकर श्रीरामजीकी शोभा देखकर, फिर पिताके प्रणका स्मरण करके सीताजीका मन क्षुब्ध हो उठा। [ वे मन-ही-मन कहने लगीं— ] अहो! पिताजीने बड़ा ही कठिन हठ ठाना है, वे लाभ-हानि कुछ भी नहीं समझ रहे हैं॥१॥

**चौ०** 
> सचिव सभय सिख देइ न कोई। बुध समाज बड़ अनुचित होई॥  
> कहँ धनु कुलिसहु चाहि कठोरा। कहँ स्यामल मृदुगात किसोरा॥ २॥

भावार्थ: मन्त्री डर रहे हैं; इसलिये कोई उन्हें सीख भी नहीं देता, पण्डितोंकी सभामें यह बड़ा अनुचित हो रहा है। कहाँ तो वज्रसे भी बढ़कर कठोर धनुष और कहाँ ये कोमलशरीर किशोर श्यामसुन्दर!॥२॥

**चौ०** 
> बिधि केहि भाँति धरौं उर धीरा। सिरस सुमन कन बेधिअ हीरा॥  
> सकल सभा कै मति भै भोरी। अब मोहि संभुचाप गति तोरी॥३॥

भावार्थ: हे विधाता! मैं हृदयमें किस तरह धीरज धरूँ, सिरसके फूलके कणसे कहीं हीरा छेदा जाता है। सारी सभाकी बुद्धि भोली ( बावली ) हो गयी है, अतः हे शिवजीके धनुष! अब तो मुझे तुम्हारा ही आसरा है॥३॥

**चौ०** 
> निज जड़ता लोगन्ह पर डारी। होहि हरुअ रघुपतिहि निहारी॥  
> अति परिताप सीय मन माहीं। लव निमेष जुग सय सम जाहीं॥४॥

भावार्थ: तुम अपनी जड़ता लोगोंपर डालकर, श्रीरघुनाथजी [ के सुकुमार शरीर ] को देखकर [ उतने ही ] हलके हो जाओ। इस प्रकार सीताजीके मनमें बड़ा ही सन्ताप हो रहा है। निमेषका एक लव ( अंश ) भी सौ युगोंके समान बीत रहा है॥४॥

**दो०** 
> प्रभुहि चितइ पुनि चितव महि राजत लोचन लोल।  
> खेलत मनसिज मीन जुग जनु बिधु मंडल डोल॥२५८॥

भावार्थ: प्रभु श्रीरामचन्द्रजीको देखकर फिर पृथ्वीकी ओर देखती हुई सीताजीके चञ्चल नेत्र इस प्रकार शोभित हो रहे हैं, मानो चन्द्रमण्डलरूपी डोलमें कामदेवकी दो मछलियाँ खेल रही हों॥२५८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-257  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-259

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
