---
title: "बालकाण्ड दोहा 252"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-252"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 252

**चौ०** 
> कहहु काहि यहु लाभु न भावा। काहुँ न संकर चाप चढ़ावा॥  
> रहउ चढ़ाउब तोरब भाई। तिलु भरि भूमि न सके छड़ाई॥१॥

भावार्थ: कहिये, यह लाभ किसको अच्छा नहीं लगता। परन्तु किसीने भी शङ्करजीका धनुष नहीं चढ़ाया। अरे भाई! चढ़ाना और तोड़ना तो दूर रहा, कोई तिलभर भूमि भी छुड़ा न सका॥ १ ॥

**चौ०** 
> अब जनि कोउ माखै भट मानी। बीर बिहीन मही मैं जानी॥  
> तजहु आस निज निज गृह जाहू। लिखा न बिधि बैदेहि बिबाहू॥२॥

भावार्थ: अब कोई वीरताका अभिमानी नाराज न हो। मैंने जान लिया, पृथ्वी वीरोंसे खाली हो गयी। अब आशा छोड़कर अपने-अपने घर जाओ; ब्रह्माने सीताका विवाह लिखा ही नहीं॥ २ ॥

**चौ०** 
> सुकृतु जाइ जौं पनु परिहरऊँ। कुअँरि कुआरि रहउ का करऊँ॥  
> जौं जनतेउँ बिनु भट भुबि भाई। तौ पनु करि होतेउँ न हँसाई॥ ३॥

भावार्थ: यदि प्रण छोड़ता हूँ तो पुण्य जाता है; इसलिये क्या करूँ, कन्या कुँआरी ही रहे। यदि मैं जानता कि पृथ्वी वीरोंसे शून्य है, तो प्रण करके उपहासका पात्र न बनता॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जनक बचन सुनि सब नर नारी। देखि जानकिहि भए दुखारी॥  
> माखे लखनु कुटिल भइँ भौंहें। रदपट फरकत नयन रिसौंहें॥ ४॥

भावार्थ: जनकके वचन सुनकर सभी स्त्री-पुरुष जानकीजीकी ओर देखकर दुःखी हुए, परन्तु लक्ष्मणजी तमतमा उठे, उनकी भौंहें टेढ़ी हो गयीं, ओठ फड़कने लगे और नेत्र क्रोधसे लाल हो गये॥ ४ ॥

**दो०** 
> कहि न सकत रघुबीर डर लगे बचन जनु बान।  
> नाइ राम पद कमल सिरु बोले गिरा प्रमान॥२५२॥

भावार्थ: श्रीरघुवीरजीके डरसे कुछ कह तो सकते नहीं, पर जनकके वचन उन्हें बाण-से लगे। [ जब न रह सके तब ] श्रीरामचन्द्रजीके चरणकमलोंमें सिर नवाकर वे यथार्थ वचन बोले— ॥ २५२ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-251  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-253

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
