---
title: "बालकाण्ड दोहा 251"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-251"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 251

**चौ०** 
> भूप सहस दस एकहि बारा। लगे उठावन टरइ न टारा॥  
> डगइ न संभु सरासनु कैसें। कामी बचन सती मनु जैसें॥१॥

भावार्थ: तब दस हजार राजा एक ही बार धनुषको उठाने लगे, तो भी वह उनके टाले नहीं टलता। शिवजीका वह धनुष कैसे नहीं डिगता था, जैसे कामी पुरुषके वचनोंसे सतीका मन ( कभी ) चलायमान नहीं होता॥ १ ॥

**चौ०** 
> सब नृप भए जोगु उपहासी। जैसें बिनु बिराग संन्यासी॥  
> कीरति बिजय बीरता भारी। चले चाप कर बरबस हारी॥२॥

भावार्थ: सब राजा उपहासके योग्य हो गये। जैसे वैराग्यके बिना संन्यासी उपहासके योग्य हो जाता है। कीर्ति, विजय, बड़ी वीरता—इन सबको वे धनुषके हाथों बरबस हारकर चले गये॥ २ ॥

**चौ०** 
> श्रीहत भए हारि हियँ राजा। बैठे निज निज जाइ समाजा॥  
> नृपन्ह बिलोकि जनकु अकुलाने। बोले बचन रोष जनु साने॥३॥

भावार्थ: राजालोग हृदयसे हारकर श्रीहीन ( हतप्रभ ) हो गये और अपने-अपने समाजमें जा बैठे। राजाओंको ( असफल ) देखकर जनक अकुला उठे और ऐसे वचन बोले जो मानो क्रोधमें सने हुए थे॥ ३ ॥

**चौ०** 
> दीप दीप के भूपति नाना। आए सुनि हम जो पनु ठाना॥  
> देव दनुज धरि मनुज सरीरा। बिपुल बीर आए रनधीरा॥४॥

भावार्थ: मैंने जो प्रण ठाना था, उसे सुनकर द्वीप-द्वीपके अनेकों राजा आये। देवता और दैत्य भी मनुष्यका शरीर धारण करके आये तथा और भी बहुत-से रणधीर वीर आये॥ ४ ॥

**दो०** 
> कुअँरि मनोहर बिजय बड़ि कीरति अति कमनीय।  
> पावनिहार बिरंचि जनु रचेउ न धनु दमनीय॥२५१॥

भावार्थ: परन्तु धनुषको तोड़कर मनोहर कन्या, बड़ी विजय और अत्यन्त सुन्दर कीर्तिको पानेवाला मानो ब्रह्माने किसीको रचा ही नहीं॥ २५१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-250  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-252

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
