---
title: "बालकाण्ड दोहा 25"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-25"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 25

**चौ०** 
> राम सुकंठ बिभीषन दोऊ। राखे सरन जान सबु कोऊ॥  
> नाम गरीब अनेक नेवाजे। लोक बेद बर बिरिद बिराजे॥१॥

भावार्थ: श्रीरामजीने सुग्रीव और विभीषण दोको ही अपने शरणमें रखा, यह सब कोई जानते हैं; परंतु नामने अनेक गरीबोंपर कृपा की है। नामका यह सुन्दर विरद लोक और वेदमें विशेषरूपसे प्रकाशित है॥१॥

**चौ०** 
> राम भालु कपि कटकु बटोरा। सेतु हेतु श्रमु कीन्ह न थोरा॥  
> नामु लेत भवसिंधु सुखाहीं। करहु बिचारु सुजन मन माहीं॥२॥

भावार्थ: श्रीरामजीने तो भालू और बन्दरोंकी सेना बटोरी और समुद्रपर पुल बाँधनेके लिये थोड़ा परिश्रम नहीं किया; परंतु नाम लेते ही संसार-समुद्र सूख जाता है। सज्जनगण! मनमें विचार कीजिये [ कि दोनोंमें कौन बड़ा है ]॥२॥

**चौ०** 
> राम सकुल रन रावनु मारा। सीय सहित निज पुर पगु धारा॥  
> राजा रामु अवध रजधानी। गावत गुन सुर मुनि बर बानी॥३॥  
> सेवक सुमिरत नामु सप्रीती। बिनु श्रम प्रबल मोह दलु जीती॥  
> फिरत सनेहँ मगन सुख अपनें। नाम प्रसाद सोच नहिं सपनें॥४॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीने कुटुम्बसहित रावणको युद्धमें मारा, तब सीतासहित उन्होंने अपने नगर ( अयोध्या )में प्रवेश किया। राम राजा हुए, अवध उनकी राजधानी हुई, देवता और मुनि सुन्दर वाणीसे जिनके गुण गाते हैं। परंतु सेवक ( भक्त ) प्रेमपूर्वक नामके स्मरणमात्रसे बिना परिश्रम मोहकी प्रबल सेनाको जीतकर प्रेममें मग्न हुए अपने ही सुखमें विचरते हैं, नामके प्रसादसे उन्हें सपनेमें भी कोई चिन्ता नहीं सताती॥३-४॥

**दो०** 
> ब्रह्म राम तें नामु बड़ बर दायक बर दानि।  
> रामचरित सत कोटि महँ लिय महेस जियँ जानि॥२५॥

भावार्थ: इस प्रकार नाम [ निर्गुण ] ब्रह्म और [ सगुण ] राम दोनोंसे बड़ा है। यह वरदान देनेवालोंको भी वर देनेवाला है। श्रीशिवजीने अपने हृदयमें यह जानकर ही सौ करोड़ रामचरित्रमेंसे इस ‘राम’ नामको [ साररूपसे चुनकर ] ग्रहण किया है॥२५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-24  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-26

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
