---
title: "बालकाण्ड दोहा 243"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-243"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 243

**चौ०** 
> सहज मनोहर मूरति दोऊ। कोटि काम उपमा लघु सोऊ॥  
> सरद चंद निंदक मुख नीके। नीरज नयन भावते जी के॥१॥

भावार्थ: दोनों मूर्तियाँ स्वभावसे ही ( बिना किसी बनाव-शृंगारके ) मनको हरनेवाली हैं। करोड़ों कामदेवोंकी उपमा भी उनके लिये तुच्छ है। उनके सुन्दर मुख शरद्‌ [ पूर्णिमा ] के चन्द्रमाकी भी निन्दा करनेवाले ( उसे नीचा दिखानेवाले ) हैं और कमलके समान नेत्र मनको बहुत ही भाते हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> चितवनि चारु मार मनु हरनी। भावति हृदय जाति नहिं बरनी॥  
> कल कपोल श्रुति कुंडल लोला। चिबुक अधर सुंदर मृदु बोला॥२॥

भावार्थ: सुन्दर चितवन [ सारे संसारके मनको हरनेवाले ] कामदेवके भी मनको हरनेवाली है। वह हृदयको बहुत ही प्यारी लगती है, पर उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। सुन्दर गाल हैं, कानोंमें चञ्चल ( झूमते हुए ) कुण्डल हैं। ठोड़ी और अधर ( ओठ ) सुन्दर हैं, कोमल वाणी है॥ २ ॥

**चौ०** 
> कुमुदबंधु कर निंदक हाँसा। भृकुटी बिकट मनोहर नासा॥  
> भाल बिसाल तिलक झलकाहीं। कच बिलोकि अलि अवलि लजाहीं॥३॥

भावार्थ: हँसी चन्द्रमाकी किरणोंका तिरस्कार करनेवाली है। भौंहें टेढ़ी और नासिका मनोहर है। [ ऊँचे ] चौड़े ललाटपर तिलक झलक रहे हैं ( दीप्तिमान्‌ हो रहे हैं )। [ काले घुँघराले ] बालोंको देखकर भौंरोंकी पंक्तियाँ भी लजा जाती हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> पीत चौतनीं सिरन्हि सुहाईं। कुसुम कलीं बिच बीच बनाईं॥  
> रेखें रुचिर कंबु कल गीवाँ। जनु त्रिभुवन सुषमा की सीवाँ॥४॥

भावार्थ: पीली चौकोनी टोपियाँ सिरोंपर सुशोभित हैं, जिनके बीच-बीचमें फूलोंकी कलियाँ बनायी ( काढ़ी ) हुई हैं। शङ्खके समान सुन्दर ( गोल ) गलेमें मनोहर तीन रेखाएँ हैं, जो मानो तीनों लोकोंकी सुन्दरताकी सीमा [ को बता रही ] हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> कुंजर मनि कंठा कलित उरन्हि तुलसिका माल।  
> बृषभ कंध केहरि ठवनि बल निधि बाहु बिसाल॥२४३॥

भावार्थ: हृदयोंपर गजमुक्ताओंके सुन्दर कण्ठे और तुलसीकी मालाएँ सुशोभित हैं। उनके कंधे बैलोंके कंधेकी तरह [ ऊँचे तथा पुष्ट ] हैं, ऐंड़ ( खड़े होनेकी शान ) सिंहकी-सी है और भुजाएँ विशाल एवं बलकी भण्डार हैं॥ २४३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-242  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-244

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
