---
title: "बालकाण्ड दोहा 236"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-236"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 236

**चौ०** 
> सेवत तोहि सुलभ फल चारी। बरदायनी पुरारि पिआरी॥  
> देबि पूजि पद कमल तुम्हारे। सुर नर मुनि सब होहिं सुखारे॥१॥

भावार्थ: हे [ भक्तोंको मुँहमाँगा ] वर देनेवाली! हे त्रिपुरके शत्रु शिवजीकी प्रिय पत्नी! आपकी सेवा करनेसे चारों फल सुलभ हो जाते हैं। हे देवि! आपके चरणकमलोंकी पूजा करके देवता, मनुष्य और मुनि सभी सुखी हो जाते हैं॥१॥

**चौ०** 
> मोर मनोरथु जानहु नीकें। बसहु सदा उर पुर सबही कें॥  
> कीन्हेउँ प्रगट न कारन तेहीं। अस कहि चरन गहे बैदेहीं॥२॥

भावार्थ: मेरे मनोरथको आप भलीभाँति जानती हैं; क्योंकि आप सदा सबके हृदयरूपी नगरीमें निवास करती हैं। इसी कारण मैंने उसको प्रकट नहीं किया। ऐसा कहकर जानकीजीने उनके चरण पकड़ लिये॥२॥

**चौ०** 
> बिनय प्रेम बस भई भवानी। खसी माल मूरति मुसुकानी॥  
> सादर सियँ प्रसादु सिर धरेऊ। बोली गौरि हरषु हियँ भरेऊ॥३॥

भावार्थ: गिरिजाजी सीताजीके विनय और प्रेमके वशमें हो गयीं। उन ( के गले ) की माला खिसक पड़ी और मूर्ति मुसकरायी। सीताजीने आदरपूर्वक उस प्रसाद ( माला ) को सिरपर धारण किया। गौरीजीका हृदय हर्षसे भर गया और वे बोलीं—॥३॥

**चौ०** 
> सुनु सिय सत्य असीस हमारी। पूजिहि मन कामना तुम्हारी॥  
> नारद बचन सदा सुचि साचा। सो बरु मिलिहि जाहिं मनु राचा॥४॥

भावार्थ: हे सीता! हमारी सच्ची आसीस सुनो, तुम्हारी मनःकामना पूरी होगी। नारदजीका वचन सदा पवित्र ( संशय, भ्रम आदि दोषोंसे रहित ) और सत्य है। जिसमें तुम्हारा मन अनुरक्त हो गया है, वही वर तुमको मिलेगा॥४॥

**छं०** 
> मनु जाहिं राचेउ मिलिहि सो बरु सहज सुंदर साँवरो।  
> करुना निधान सुजान सीलु सनेहु जानत रावरो॥  
> एहि भाँति गौरि असीस सुनि सिय सहित हियँ हरषीं अली।  
> तुलसी भवानिहि पूजि पुनि पुनि मुदित मन मंदिर चली॥

भावार्थ: जिसमें तुम्हारा मन अनुरक्त हो गया है, वही स्वभावसे ही सुन्दर साँवला वर ( श्रीरामचन्द्रजी ) तुमको मिलेगा। वह दयाका खजाना और सुजान ( सर्वज्ञ ) है, तुम्हारे शील और स्नेहको जानता है। इस प्रकार श्रीगौरीजीका आशीर्वाद सुनकर जानकीजीसमेत सब सखियाँ हृदयमें हर्षित हुईं। तुलसीदासजी कहते हैं—भवानीजीको बार-बार पूजकर सीताजी प्रसन्न मनसे राजमहलको लौट चलीं।

**सो०** 
> जानि गौरि अनुकूल सिय हिय हरषु न जाइ कहि।  
> मंजुल मंगल मूल बाम अंग फरकन लगे॥२३६॥

भावार्थ: गौरीजीको अनुकूल जानकर सीताजीके हृदयको जो हर्ष हुआ वह कहा नहीं जा सकता। सुन्दर मङ्गलोंके मूल उनके बायें अंग फड़कने लगे॥२३६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-235  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-237

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
