---
title: "बालकाण्ड दोहा 228"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-228"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 228

**चौ०** 
> चहुँ दिसि चितइ पूँछि मालीगन। लगे लेन दल फूल मुदित मन॥  
> तेहि अवसर सीता तहँ आई। गिरिजा पूजन जननि पठाई॥१॥

भावार्थ: चारों ओर दृष्टि डालकर और मालियोंसे पूछकर वे प्रसन्न मनसे पत्र-पुष्प लेने लगे। उसी समय सीताजी वहाँ आयीं। माताने उन्हें गिरिजा ( पार्वती ) जीकी पूजा करनेके लिये भेजा था॥१॥

**चौ०** 
> संग सखीं सब सुभग सयानीं। गावहिं गीत मनोहर बानीं॥  
> सर समीप गिरिजा गृह सोहा। बरनि न जाइ देखि मनु मोहा॥२॥

भावार्थ: साथमें सब सुन्दरी और सयानी सखियाँ हैं, जो मनोहर वाणीसे गीत गा रही हैं। सरोवरके पास गिरिजाजीका मन्दिर सुशोभित है, जिसका वर्णन नहीं किया जा सकता; देखकर मन मोहित हो जाता है॥२॥

**चौ०** 
> मज्जनु करि सर सखिन्ह समेता। गई मुदित मन गौरि निकेता॥  
> पूजा कीन्हि अधिक अनुरागा। निज अनुरूप सुभग बरु मागा॥३॥

भावार्थ: सखियोंसहित सरोवरमें स्नान करके सीताजी प्रसन्न मनसे गिरिजाजीके मन्दिरमें गयीं। उन्होंने बड़े प्रेमसे पूजा की और अपने योग्य सुन्दर वर माँगा॥३॥

**चौ०** 
> एक सखी सिय संगु बिहाई। गई रही देखन फुलवाई॥  
> तेहिं दोउ बंधु बिलोके जाई। प्रेम बिबस सीता पहिं आई॥४॥

भावार्थ: एक सखी सीताजीका साथ छोड़कर फुलवाड़ी देखने चली गयी थी। उसने जाकर दोनों भाइयोंको देखा और प्रेममें विह्वल होकर वह सीताजीके पास आयी॥४॥

**दो०** 
> तासु दसा देखी सखिन्ह पुलक गात जलु नैन।  
> कहु कारनु निज हरष कर पूछहिं सब मृदु बैन॥२२८॥

भावार्थ: सखियोंने उसकी दशा देखी कि उसका शरीर पुलकित है और नेत्रोंमें जल भरा है। सब कोमल वाणीसे पूछने लगीं कि अपनी प्रसन्नताका कारण बता॥२२८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-227  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-229

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
