---
title: "बालकाण्ड दोहा 220"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-220"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 220

**चौ०** 
> देखन नगरु भूपसुत आए। समाचार पुरबासिन्ह पाए॥  
> धाए धाम काम सब त्यागी। मनहुँ रंक निधि लूटन लागी॥१॥

भावार्थ: जब पुरवासियोंने यह समाचार पाया कि दोनों राजकुमार नगर देखनेके लिये आये हैं, तब वे सब घर-बार और सब काम-काज छोड़कर ऐसे दौड़े मानो दरिद्री [ धनका ] खजाना लूटने दौड़े हों॥१॥

**चौ०** 
> निरखि सहज सुंदर दोउ भाई। होहिं सुखी लोचन फल पाई॥  
> जुबतीं भवन झरोखन्हि लागीं। निरखहिं राम रूप अनुरागीं॥२॥

भावार्थ: स्वभावहीसे सुन्दर दोनों भाइयोंको देखकर वे लोग नेत्रोंका फल पाकर सुखी हो रहे हैं। युवती स्त्रियाँ घरके झरोखोंसे लगी हुई प्रेमसहित श्रीरामचन्द्रजीके रूपको देख रही हैं॥२॥

**चौ०** 
> कहहिं परसपर बचन सप्रीती। सखि इन्ह कोटि काम छबि जीती॥  
> सुर नर असुर नाग मुनि माहीं। सोभा असि कहुँ सुनिअति नाहीं॥३॥

भावार्थ: वे आपसमें बड़े प्रेमसे बातें कर रही हैं—हे सखी! इन्होंने करोड़ों कामदेवोंकी छबिको जीत लिया है। देवता, मनुष्य, असुर, नाग और मुनियोंमें ऐसी शोभा तो कहीं सुननेमें भी नहीं आती॥३॥

**चौ०** 
> बिष्नु चारि भुज बिधि मुख चारी। बिकट बेष मुख पंच पुरारी॥  
> अपर देउ अस कोउ न आही। यह छबि सखी पटतरिअ जाही॥४॥

भावार्थ: भगवान्‌ विष्णुके चार भुजाएँ हैं, ब्रह्माजीके चार मुख हैं, शिवजीका विकट ( भयानक ) वेष है और उनके पाँच मुँह हैं। हे सखी! दूसरा देवता भी कोई ऐसा नहीं है जिसके साथ इस छबिकी उपमा दी जाय॥४॥

**दो०** 
> बय किसोर सुषमा सदन स्याम गौर सुख धाम।  
> अंग अंग पर वारिअहिं कोटि कोटि सत काम॥२२०॥

भावार्थ: इनकी किशोर अवस्था है, ये सुन्दरताके घर, साँवले और गोरे रंगके तथा सुखके धाम हैं। इनके अङ्ग-अङ्गपर करोड़ों-अरबों कामदेवोंको निछावर कर देना चाहिये॥२२०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-219  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-221

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
