---
title: "बालकाण्ड दोहा 219"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-219"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 219

**चौ०** 
> मुनि पद कमल बंदि दोउ भ्राता। चले लोक लोचन सुख दाता॥  
> बालक बृंद देखि अति सोभा। लगे संग लोचन मनु लोभा॥१॥

भावार्थ: सब लोकोंके नेत्रोंको सुख देनेवाले दोनों भाई मुनिके चरणकमलोंकी वन्दना करके चले। बालकोंके झुंड इन [ के सौन्दर्य ] की अत्यन्त शोभा देखकर साथ लग गये। उनके नेत्र और मन [ इनकी माधुरीपर ] लुभा गये॥१॥

**चौ०** 
> पीत बसन परिकर कटि भाथा। चारु चाप सर सोहत हाथा॥  
> तन अनुहरत सुचंदन खोरी। स्यामल गौर मनोहर जोरी॥२॥

भावार्थ: [ दोनों भाइयोंके ] पीले रंगके वस्त्र हैं, कमरके [ पीले ] दुपट्टोंमें तरकस बँधे हैं। हाथोंमें सुन्दर धनुष-बाण सुशोभित हैं। [ श्याम और गौर वर्णके ] शरीरोंके अनुकूल ( अर्थात्‌ जिसपर जिस रंगका चन्दन अधिक फबे उसपर उसी रंगके ) सुन्दर चन्दनकी खौर लगी है। साँवरे और गोरे [ रंग ] की मनोहर जोड़ी है॥२॥

**चौ०** 
> केहरि कंधर बाहु बिसाला। उर अति रुचिर नागमनि माला॥  
> सुभग सोन सरसीरुह लोचन। बदन मयंक तापत्रय मोचन॥३॥

भावार्थ: सिंहके समान ( पुष्ट ) गर्दन ( गलेका पिछला भाग ) है; विशाल भुजाएँ हैं। [ चौड़ी ] छातीपर अत्यन्त सुन्दर गजमुक्ताकी माला है। सुन्दर लाल कमलके समान नेत्र हैं। तीनों तापोंसे छुड़ानेवाला चन्द्रमाके समान मुख है॥३॥

**चौ०** 
> कानन्हि कनक फूल छबि देहीं। चितवत चितहि चोरि जनु लेहीं॥  
> चितवनि चारु भृकुटि बर बाँकी। तिलक रेख सोभा जनु चाँकी॥४॥

भावार्थ: कानोंमें सोनेके कर्णफूल [ अत्यन्त ] शोभा दे रहे हैं और देखते ही [ देखनेवालेके ] चित्तको मानो चुरा लेते हैं। उनकी चितवन ( दृष्टि ) बड़ी मनोहर है और भौंहें तिरछी एवं सुन्दर हैं। [ माथेपर ] तिलककी रेखाएँ ऐसी सुन्दर हैं मानो [ मूर्तिमती ] शोभापर मुहर लगा दी गयी है॥४॥

**दो०** 
> रुचिर चौतनीं सुभग सिर मेचक कुंचित केस।  
> नख सिख सुंदर बंधु दोउ सोभा सकल सुदेस॥२१९॥

भावार्थ: सिरपर सुन्दर चौकोनी टोपियाँ [ दिये ] हैं, काले और घुँघराले बाल हैं। दोनों भाई नखसे लेकर शिखातक ( एड़ीसे चोटीतक ) सुन्दर हैं और सारी शोभा जहाँ जैसी चाहिये वैसी ही है॥२१९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-218  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-220

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
