---
title: "बालकाण्ड दोहा 214"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-214"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 214

श्रीराम-लक्ष्मणको देखकर जनकजीकी प्रेम-मुग्धता

**चौ०** 
> सुभग द्वार सब कुलिस कपाटा। भूप भीर नट मागध भाटा॥  
> बनी बिसाल बाजि गज साला। हय गय रथ संकुल सब काला॥१॥

भावार्थ: राजमहलके सब दरवाजे ( फाटक ) सुन्दर हैं, जिनमें वज्रके ( मजबूत अथवा हीरोंके चमकते हुए ) किवाड़ लगे हैं। वहाँ [ मातहत ] राजाओं, नटों, मागधों और भाटोंकी भीड़ लगी रहती है। घोड़ों और हाथियोंके लिये बहुत बड़ी-बड़ी घुड़शालें और गजशालाएँ ( फीलखाने ) बनी हुई हैं; जो सब समय घोड़े, हाथी और रथोंसे भरी रहती हैं॥१॥

**चौ०** 
> सूर सचिव सेनप बहुतेरे। नृपगृह सरिस सदन सब केरे॥  
> पुर बाहेर सर सरित समीपा। उतरे जहँ तहँ बिपुल महीपा॥२॥

भावार्थ: बहुत-से शूरवीर, मन्त्री और सेनापति हैं। उन सबके घर भी राजमहल-सरीखे ही हैं। नगरके बाहर तालाब और नदीके निकट जहाँ-तहाँ बहुत-से राजालोग उतरे हुए ( डेरा डाले हुए ) हैं॥२॥

**चौ०** 
> देखि अनूप एक अँवराई। सब सुपास सब भाँति सुहाई॥  
> कौसिक कहेउ मोर मनु माना। इहाँ रहिअ रघुबीर सुजाना॥३॥

भावार्थ: [ वहीं ] आमोंका एक अनुपम बाग देखकर, जहाँ सब प्रकारके सुभीते थे और जो सब तरहसे सुहावना था, विश्वामित्रजीने कहा—हे सुजान रघुवीर! मेरा मन कहता है कि यहीं रहा जाय॥३॥

**चौ०** 
> भलेहिं नाथ कहि कृपानिकेता। उतरे तहँ मुनिबृंद समेता॥  
> बिस्वामित्र महामुनि आए। समाचार मिथिलापति पाए॥४॥

भावार्थ: कृपाके धाम श्रीरामचन्द्रजी ‘बहुत अच्छा स्वामिन्!’ कहकर वहीं मुनियोंके समूहके साथ ठहर गये। मिथिलापति जनकजीने जब यह समाचार पाया कि महामुनि विश्वामित्र आये हैं,॥४॥

**दो०** 
> संग सचिव सुचि भूरि भट भूसुर बर गुर ग्याति।  
> चले मिलन मुनिनायकहि मुदित राउ एहि भाँति॥२१४॥

भावार्थ: तब उन्होंने पवित्र हृदयके ( ईमानदार, स्वामिभक्त ) मन्त्री, बहुत-से योद्धा, श्रेष्ठ ब्राह्मण, गुरु ( शतानन्दजी ) और अपनी जातिके श्रेष्ठ लोगोंको साथ लिया और इस प्रकार प्रसन्नताके साथ राजा मुनियोंके स्वामी विश्वामित्रजीसे मिलने चले॥२१४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-213  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-215

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
