---
title: "बालकाण्ड दोहा 213"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-213"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 213

**चौ०** 
> बनइ न बरनत नगर निकाई। जहाँ जाइ मन तहँइँ लोभाई॥  
> चारु बजारु बिचित्र अँबारी। मनिमय बिधि जनु स्वकर सँवारी॥१॥

भावार्थ: नगरकी सुन्दरताका वर्णन करते नहीं बनता। मन जहाँ जाता है; वहीं लुभा जाता ( रम जाता ) है। सुन्दर बाजार है, मणियोंसे बने हुए विचित्र छज्जे हैं, मानो ब्रह्माने उन्हें अपने हाथोंसे बनाया है॥१॥

**चौ०** 
> धनिक बनिक बर धनद समाना। बैठे सकल बस्तु लै नाना॥  
> चौहट सुंदर गलीं सुहाई। संतत रहहिं सुगंध सिंचाई॥२॥

भावार्थ: कुबेरके समान श्रेष्ठ धनी व्यापारी सब प्रकारकी अनेक वस्तुएँ लेकर [ दूकानोंमें ] बैठे हैं। सुन्दर चौराहे और सुहावनी गलियाँ सदा सुगन्धसे सिंची रहती हैं॥२॥

**चौ०** 
> मंगलमय मंदिर सब केरें। चित्रित जनु रतिनाथ चितेरें॥  
> पुर नर नारि सुभग सुचि संता। धरमसील ग्यानी गुनवंता॥३॥

भावार्थ: सबके घर मङ्गलमय हैं और उनपर चित्र कढ़े हुए हैं, जिन्हें मानो कामदेवरूपी चित्रकारने अंकित किया है। नगरके [ सभी ] स्त्री-पुरुष सुन्दर, पवित्र, साधु-स्वभाववाले, धर्मात्मा, ज्ञानी और गुणवान् हैं॥३॥

**चौ०** 
> अति अनूप जहँ जनक निवासू। बिथकहिं बिबुध बिलोकि बिलासू॥  
> होत चकित चित कोट बिलोकी। सकल भुवन सोभा जनु रोकी॥४॥

भावार्थ: जहाँ जनकजीका अत्यन्त अनुपम ( सुन्दर ) निवासस्थान ( महल ) है, वहाँके विलास ( ऐश्वर्य ) को देखकर देवता भी थकित ( स्तम्भित ) हो जाते हैं [ मनुष्योंकी तो बात ही क्या! ]। कोट ( राजमहलके परकोटे ) को देखकर चित्त चकित हो जाता है, [ ऐसा मालूम होता है ] मानो उसने समस्त लोकोंकी शोभाको रोक ( घेर ) रखा है॥४॥

**दो०** 
> धवल धाम मनि पुरट पट सुघटित नाना भाँति।  
> सिय निवास सुंदर सदन सोभा किमि कहि जाति॥२१३॥

भावार्थ: उज्ज्वल महलोंमें अनेक प्रकारके सुन्दर रीतिसे बने हुए मणिजटित सोनेकी जरीके परदे लगे हैं। सीताजीके रहनेके सुन्दर महलकी शोभाका वर्णन किया ही कैसे जा सकता है॥२१३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-212  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-214

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
