---
title: "बालकाण्ड दोहा 209"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-209"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 209

**चौ०** 
> अरुन नयन उर बाहु बिसाला। नील जलज तनु स्याम तमाला॥  
> कटि पट पीत कसें बर भाथा। रुचिर चाप सायक दुहुँ हाथा॥१॥

भावार्थ: भगवान्‌के लाल नेत्र हैं, चौड़ी छाती और विशाल भुजाएँ हैं, नील कमल और तमालके वृक्षकी तरह श्याम शरीर है, कमरमें पीताम्बर [ पहने ] और सुन्दर तरकस कसे हुए हैं। दोनों हाथोंमें [ क्रमशः ] सुन्दर धनुष और बाण हैं॥१॥

**चौ०** 
> स्याम गौर सुंदर दोउ भाई। बिस्वामित्र महानिधि पाई॥  
> प्रभु ब्रह्मन्यदेव मैं जाना। मोहि निति पिता तजेउ भगवाना॥२॥

भावार्थ: श्याम और गौर वर्णके दोनों भाई परम सुन्दर हैं। विश्वामित्रजीको महान्‌ निधि प्राप्त हो गयी। [ वे सोचने लगे— ] मैं जान गया कि प्रभु ब्रह्मण्यदेव ( ब्राह्मणोंके भक्त ) हैं। मेरे लिये भगवान्‌ने अपने पिताको भी छोड़ दिया॥२॥

**चौ०** 
> चले जात मुनि दीन्हि देखाई। सुनि ताड़का क्रोध करि धाई॥  
> एकहिं बान प्रान हरि लीन्हा। दीन जानि तेहि निज पद दीन्हा॥३॥

भावार्थ: मार्गमें चले जाते हुए मुनिने ताड़काको दिखलाया। शब्द सुनते ही वह क्रोध करके दौड़ी। श्रीरामजीने एक ही बाणसे उसके प्राण हर लिये और दीन जानकर उसको निजपद ( अपना दिव्यस्वरूप ) दिया॥३॥

**चौ०** 
> तब रिषि निज नाथहि जियँ चीन्ही। बिद्यानिधि कहुँ बिद्या दीन्ही॥  
> जाते लाग न छुधा पिपासा। अतुलित बल तनु तेज प्रकासा॥४॥

भावार्थ: तब ऋषि विश्वामित्रने प्रभुको मनमें विद्याका भण्डार समझते हुए भी [ लीलाको पूर्ण करनेके लिये ] ऐसी विद्या दी, जिससे भूख-प्यास न लगे और शरीरमें अतुलित बल और तेजका प्रकाश हो॥४॥

**दो०** 
> आयुध सर्ब समर्पि कै प्रभु निज आश्रम आनि।  
> कंद मूल फल भोजन दीन्ह भगति हित जानि॥२०९॥

भावार्थ: सब अस्त्र-शस्त्र समर्पण करके मुनि प्रभु श्रीरामजीको अपने आश्रममें ले आये; और उन्हें परम हितू जानकर भक्तिपूर्वक कन्द, मूल और फलका भोजन कराया॥२०९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-208b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-210

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
