---
title: "बालकाण्ड दोहा 201"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-201"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 201

**चौ०** 
> एक बार जननीं अन्हवाए। करि सिंगार पलनाँ पौढ़ाए॥  
> निज कुल इष्टदेव भगवाना। पूजा हेतु कीन्ह अस्नाना॥१॥

भावार्थ: एक बार माताने श्रीरामचन्द्रजीको स्नान कराया और शृंगार करके पालनेपर पौढ़ा दिया। फिर अपने कुलके इष्टदेव भगवान्‌की पूजाके लिये स्नान किया॥१॥

**चौ०** 
> करि पूजा नैबेद्य चढ़ावा। आपु गई जहँ पाक बनावा॥  
> बहुरि मातु तहवाँ चलि आई। भोजन करत देख सुत जाई॥२॥

भावार्थ: पूजा करके नैवेद्य चढ़ाया और स्वयं वहाँ गयी, जहाँ रसोई बनायी गयी थी। फिर माता वहीं (पूजाके स्थानमें) लौट आयी, और वहाँ आनेपर पुत्रको [इष्टदेव भगवान्‌के लिये चढ़ाये हुए नैवेद्यका] भोजन करते देखा॥२॥

**चौ०** 
> गै जननी सिसु पहिं भयभीता। देखा बाल तहाँ पुनि सूता॥  
> बहुरि आइ देखा सुत सोई। हृदयँ कंप मन धीर न होई॥३॥

भावार्थ: माता भयभीत होकर (पालनेमें सोया था, यहाँ किसने लाकर बैठा दिया, इस बातसे डरकर) पुत्रके पास गयी, तो वहाँ बालकको सोया हुआ देखा। फिर [पूजास्थानमें लौटकर] देखा कि वही पुत्र वहाँ [भोजन कर रहा] है। उनके हृदयमें कम्प होने लगा और मनको धीरज नहीं होता॥३॥

**चौ०** 
> इहाँ उहाँ दुइ बालक देखा। मतिभ्रम मोर कि आन बिसेषा॥  
> देखि राम जननी अकुलानी। प्रभु हँसि दीन्ह मधुर मुसुकानी॥४॥

भावार्थ: [वह सोचने लगी कि] यहाँ और वहाँ मैंने दो बालक देखे। यह मेरी बुद्धिका भ्रम है या और कोई विशेष कारण है? प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने माताको घबड़ायी हुई देखकर मधुर मुसकानसे हँस दिया॥४॥

**दो०** 
> देखरावा मातहि निज अद्भुत रूप अखंड।  
> रोम रोम प्रति लागे कोटि कोटि ब्रह्मंड॥२०१॥

भावार्थ: फिर उन्होंने माताको अपना अखण्ड अद्भुत रूप दिखलाया, जिसके एक-एक रोममें करोड़ों ब्रह्माण्ड लगे हुए हैं॥२०१॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-200  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-202

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
