---
title: "बालकाण्ड दोहा 189"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-189"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 189

**चौ०** 
> एक बार भूपति मन माहीं। भै गलानि मोरें सुत नाहीं॥  
> गुर गृह गयउ तुरत महिपाला। चरन लागि करि बिनय बिसाला॥१॥

भावार्थ: एक बार राजाके मनमें बड़ी ग्लानि हुई कि मेरे पुत्र नहीं है। राजा तुरंत ही गुरुके घर गये और चरणोंमें प्रणाम कर बहुत विनय की॥ १ ॥

**चौ०** 
> निज दुख सुख सब गुरहि सुनायउ। कहि बसिष्ठ बहु बिधि समुझायउ॥  
> धरहु धीर होइहहिं सुत चारी। त्रिभुवन बिदित भगत भय हारी॥२॥

भावार्थ: राजाने अपना सारा सुख-दुःख गुरुको सुनाया। गुरु वसिष्ठजीने उन्हें बहुत प्रकारसे समझाया [ और कहा— ] धीरज धरो, तुम्हारे चार पुत्र होंगे, जो तीनों लोकोंमें प्रसिद्ध और भक्तोंके भयको हरनेवाले होंगे॥ २ ॥

**चौ०** 
> सृंगी रिषिहि बसिष्ठ बोलावा। पुत्रकाम सुभ जग्य करावा॥  
> भगति सहित मुनि आहुति दीन्हें। प्रगटे अगिनि चरू कर लीन्हें॥३॥

भावार्थ: वसिष्ठजीने शृङ्गी ऋषिको बुलवाया और उनसे शुभ पुत्रकामेष्टि यज्ञ कराया। मुनिके भक्तिसहित आहुतियाँ देनेपर अग्निदेव हाथमें चरु ( हविष्यान्न खीर ) लिये प्रकट हुए॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जो बसिष्ठ कछु हृदयँ बिचारा। सकल काजु भा सिद्ध तुम्हारा॥  
> यह हबि बाँटि देहु नृप जाई। जथा जोग जेहि भाग बनाई॥४॥

भावार्थ: [ और दशरथसे बोले— ] वसिष्ठने हृदयमें जो कुछ विचारा था, तुम्हारा वह सब काम सिद्ध हो गया। हे राजन्‌! [ अब ] तुम जाकर इस हविष्यान्न ( पायस ) को, जिसको जैसा उचित हो, वैसा भाग बनाकर बाँट दो॥ ४ ॥

**दो०** 
> तब अदृस्य भए पावक सकल सभहि समुझाइ।  
> परमानंद मगन नृप हरष न हृदयँ समाइ॥१८९॥

भावार्थ: तदनन्तर अग्निदेव सारी सभाको समझाकर अन्तर्धान हो गये। राजा परमानन्दमें मग्न हो गये, उनके हृदयमें हर्ष समाता न था॥ १८९ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-188  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-190

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
