---
title: "बालकाण्ड दोहा 183"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-183"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 183

पृथ्वी और देवतादिकी करुण पुकार

**चौ०** 
> इंद्रजीत सन जो कछु कहेऊ। सो सब जनु पहिलेहिं करि रहेऊ॥  
> प्रथमहिं जिन्ह कहुँ आयसु दीन्हा। तिन्ह कर चरित सुनहु जो कीन्हा॥१॥

भावार्थ: मेघनादसे उसने जो कुछ कहा, उसे उसने ( मेघनादने ) मानो पहलेसे ही कर रखा था ( अर्थात्‌ रावणके कहनेभरकी देर थी, उसने आज्ञापालनमें तनिक भी देर नहीं की )। जिनको [ रावणने मेघनादसे ] पहले ही आज्ञा दे रखी थी, उन्होंने जो करतूतें की उन्हें सुनो— ॥१॥

**चौ०** 
> देखत भीमरूप सब पापी। निसिचर निकर देव परितापी॥  
> करहिं उपद्रव असुर निकाया। नाना रूप धरहिं करि माया॥२॥

भावार्थ: सब राक्षसोंके समूह देखनेमें बड़े भयानक, पापी और देवताओंको दुःख देनेवाले थे। वे असुरोंके समूह उपद्रव करते थे और मायासे अनेकों प्रकारके रूप धरते थे॥२॥

**चौ०** 
> जेहि बिधि होइ धर्म निर्मूला। सो सब करहिं बेद प्रतिकूला॥  
> जेहिं जेहिं देस धेनु द्विज पावहिं। नगर गाउँ पुर आगि लगावहिं॥३॥

भावार्थ: जिस प्रकार धर्मकी जड़ कटे, वे वही सब वेदविरुद्ध काम करते थे। जिस-जिस स्थानमें वे गौ और ब्राह्मणोंको पाते थे, उसी नगर, गाँव और पुरवेमें आग लगा देते थे॥३॥

**चौ०** 
> सुभ आचरन कतहुँ नहिं होई। देव बिप्र गुरु मान न कोई॥  
> नहिं हरिभगति जग्य तप ग्याना। सपनेहुँ सुनिअ न बेद पुराना॥४॥

भावार्थ: [ उनके डरसे ] कहीं भी शुभ आचरण ( ब्राह्मणभोजन, यज्ञ, श्राद्ध आदि ) नहीं होते थे। देवता, ब्राह्मण और गुरुको कोई नहीं मानता था। न हरिभक्ति थी, न यज्ञ, तप और ज्ञान था। वेद और पुराण तो स्वप्नमें भी सुननेको नहीं मिलते थे॥४॥

**छं०** 
> जप जोग बिरागा तप मख भागा श्रवन सुनइ दससीसा।  
> आपुनु उठि धावइ रहै न पावइ धरि सब घालइ खीसा॥  
> अस भ्रष्ट अचारा भा संसारा धर्म सुनिअ नहिं काना।  
> तेहि बहुबिधि त्रासइ देस निकासइ जो कह बेद पुराना॥

भावार्थ: जप, योग, वैराग्य, तप तथा यज्ञमें [ देवताओंके ] भाग पानेकी बात रावण कहीं कानोंसे सुन पाता, तो [ उसी समय ] स्वयं उठ दौड़ता। कुछ भी रहने नहीं पाता, वह सबको पकड़कर विध्वंस कर डालता था। संसारमें ऐसा भ्रष्ट आचरण फैल गया कि धर्म तो कानोंमें भी सुननेमें नहीं आता था; जो कोई वेद और पुराण कहता, उसको बहुत तरहसे त्रास देता और देशसे निकाल देता था।

**सो०** 
> बरनि न जाइ अनीति घोर निसाचर जो करहिं।  
> हिंसा पर अति प्रीति तिन्ह के पापहि कवनि मिति॥ १८३ ॥

भावार्थ: राक्षसलोग जो घोर अत्याचार करते थे, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। हिंसापर ही जिनकी प्रीति है, उनके पापोंका क्या ठिकाना!॥१८३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-182b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-184

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
