---
title: "बालकाण्ड दोहा 173"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-173"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 173

**चौ०** 
> उपरोहित जेवनार बनाई। छरस चारि बिधि जसि श्रुति गाई॥  
> मायामय तेहिं कीन्हि रसोई। बिंजन बहु गनि सकइ न कोई॥१॥

भावार्थ: पुरोहितने छः रस और चार प्रकारके भोजन, जैसा कि वेदोंमें वर्णन है, बनाये। उसने मायामयी रसोई तैयार की और इतने व्यञ्जन बनाये जिन्हें कोई गिन नहीं सकता॥१॥

**चौ०** 
> बिबिध मृगन्ह कर आमिष राँधा। तेहि महुँ बिप्र माँसु खल साँधा॥  
> भोजन कहुँ सब बिप्र बोलाए। पद पखारि सादर बैठाए॥२॥

भावार्थ: अनेक प्रकारके पशुओंका मांस पकाया और उसमें उस दुष्टने ब्राह्मणोंका मांस मिला दिया। सब ब्राह्मणोंको भोजनके लिये बुलाया और चरण धोकर आदरसहित बैठाया॥२॥

**चौ०** 
> परुसन जबहिं लाग महिपाला। भै अकासबानी तेहि काला॥  
> बिप्रबृंद उठि उठि गृह जाहू। है बड़ि हानि अन्न जनि खाहू॥३॥

भावार्थ: ज्यों ही राजा परोसने लगा, उसी काल [ कालकेतुकृत ] आकाशवाणी हुई—हे ब्राह्मणो! उठ-उठकर अपने घर जाओ; यह अन्न मत खाओ। इस [ के खाने ] में बड़ी हानि है॥३॥

**चौ०** 
> भयउ रसोईं भूसुर माँसू। सब द्विज उठे मानि बिस्वासू॥  
> भूप बिकल मति मोहँ भुलानी। भावी बस न आव मुख बानी॥४॥

भावार्थ: रसोईमें ब्राह्मणोंका मांस बना है। [ आकाशवाणीका ] विश्वास मानकर सब ब्राह्मण उठ खड़े हुए। राजा व्याकुल हो गया। [ परन्तु ] उसकी बुद्धि मोहमें भूली हुई थी। होनहारवश उसके मुँहसे [ एक ] बात [ भी ] न निकली॥४॥

**दो०** 
> बोले बिप्र सकोप तब नहिं कछु कीन्ह बिचार।  
> जाइ निसाचर होहु नृप मूढ़ सहित परिवार॥१७३॥

भावार्थ: तब ब्राह्मण क्रोधसहित बोल उठे—उन्होंने कुछ भी विचार नहीं किया—अरे मूर्ख राजा! तू जाकर परिवारसहित राक्षस हो॥१७३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-172  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-174

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
