---
title: "बालकाण्ड दोहा 157"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-157"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 157

**चौ०** 
> आवत देखि अधिक रव बाजी। चलेउ बराह मरुत गति भाजी॥  
> तुरत कीन्ह नृप सर संधाना। महि मिलि गयउ बिलोकत बाना॥१॥

भावार्थ: अधिक शब्द करते हुए घोड़ेको [ अपनी तरफ ] आता देखकर सूअर पवनवेगसे भाग चला। राजाने तुरंत ही बाणको धनुषपर चढ़ाया। सूअर बाणको देखते ही धरतीमें दुबक गया॥१॥

**चौ०** 
> तकि तकि तीर महीस चलावा। करि छल सुअर सरीर बचावा॥  
> प्रगटत दुरत जाइ मृग भागा। रिस बस भूप चलेउ सँग लागा॥२॥

भावार्थ: राजा तक-तककर तीर चलाता है, परन्तु सूअर छल करके शरीरको बचाता जाता है। वह पशु कभी प्रकट होता और कभी छिपता हुआ भागा जाता था; और राजा भी क्रोधके वश उसके साथ (पीछे) लगा चला जाता था॥२॥

**चौ०** 
> गयउ दूरि घन गहन बराहू। जहँ नाहिन गज बाजि निबाहू॥  
> अति अकेल बन बिपुल कलेसू। तदपि न मृग मग तजइ नरेसू॥३॥

भावार्थ: सूअर बहुत दूर ऐसे घने जंगलमें चला गया, जहाँ हाथी-घोड़ेका निबाह (गम) नहीं था। राजा बिलकुल अकेला था और वनमें क्लेश भी बहुत था, फिर भी राजाने उस पशुका पीछा नहीं छोड़ा॥३॥

**चौ०** 
> कोल बिलोकि भूप बड़ धीरा। भागि पैठ गिरिगुहाँ गभीरा॥  
> अगम देखि नृप अति पछिताई। फिरेउ महाबन परेउ भुलाई॥४॥

भावार्थ: राजाको बड़ा धैर्यवान्‌ देखकर, सूअर भागकर पहाड़की एक गहरी गुफामें जा घुसा। उसमें जाना कठिन देखकर राजाको बहुत पछताकर लौटना पड़ा; पर उस घोर वनमें वह रास्ता भूल गया॥४॥

**दो०** 
> खेद खिन्न छुद्धित तृषित राजा बाजि समेत।  
> खोजत ब्याकुल सरित सर जल बिनु भयउ अचेत॥१५७॥

भावार्थ: बहुत परिश्रम करनेसे थका हुआ और घोड़ेसमेत भूख-प्याससे व्याकुल राजा नदी-तालाब खोजता-खोजता पानी बिना बेहाल हो गया॥१५७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-156  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-158

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
