---
title: "बालकाण्ड दोहा 153"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-153"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 153

**चौ०** 
> सुनु मुनि कथा पुनीत पुरानी। जो गिरिजा प्रति संभु बखानी॥  
> बिस्व बिदित एक कैकय देसू। सत्यकेतु तहँ बसइ नरेसू॥१॥

भावार्थ: हे मुनि! वह पवित्र और प्राचीन कथा सुनो, जो शिवजीने पार्वतीसे कही थी। संसारमें प्रसिद्ध एक कैकय देश है। वहाँ सत्यकेतु नामका राजा रहता ( राज्य करता ) था॥ १ ॥

**चौ०** 
> धरम धुरंधर नीति निधाना। तेज प्रताप सील बलवाना॥  
> तेहि कें भए जुगल सुत बीरा। सब गुन धाम महा रनधीरा॥२॥

भावार्थ: वह धर्मकी धुरीको धारण करनेवाला, नीतिकी खान, तेजस्वी, प्रतापी, सुशील और बलवान्‌ था, उसके दो वीर पुत्र हुए, जो सब गुणोंके भण्डार और बड़े ही रणधीर थे॥ २ ॥

**चौ०** 
> राज धनी जो जेठ सुत आही। नाम प्रतापभानु अस ताही॥  
> अपर सुतहि अरिमर्दन नामा। भुजबल अतुल अचल संग्रामा॥३॥

भावार्थ: राज्यका उत्तराधिकारी जो बड़ा लड़का था, उसका नाम प्रतापभानु था। दूसरे पुत्रका नाम अरिमर्दन था, जिसकी भुजाओंमें अपार बल था और जो युद्धमें [ पर्वतके समान ] अटल रहता था॥ ३ ॥

**चौ०** 
> भाइहि भाइहि परम समीती। सकल दोष छल बरजित प्रीती॥  
> जेठे सुतहि राज नृप दीन्हा। हरि हित आपु गवन बन कीन्हा॥४॥

भावार्थ: भाई-भाईमें बड़ा मेल और सब प्रकारके दोषों और छलोंसे रहित [ सच्ची ] प्रीति थी। राजाने जेठे पुत्रको राज्य दे दिया और आप भगवान्‌ [ के भजन ] के लिये वनको चल दिया॥४॥

**दो०** 
> जब प्रतापरबि भयउ नृप फिरी दोहाई देस।  
> प्रजा पाल अति बेदबिधि कतहुँ नहीं अघ लेस॥१५३॥

भावार्थ: जब प्रतापभानु राजा हुआ, देशमें उसकी दुहाई फिर गयी। वह वेदमें बतायी हुई विधिके अनुसार उत्तम रीतिसे प्रजाका पालन करने लगा। उसके राज्यमें पापका कहीं लेश भी नहीं रह गया॥१५३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-152  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-154

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
