---
title: "बालकाण्ड दोहा 15"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-15"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 15

श्रीसीताराम-धाम-परिकर-वन्दना

**चौ०** 
> पुनि बंदउँ सारद सुरसरिता। जुगल पुनीत मनोहर चरिता॥  
> मज्जन पान पाप हर एका। कहत सुनत एक हर अबिबेका॥१॥

भावार्थ: फिर मैं सरस्वतीजी और देवनदी गङ्गाजीकी वन्दना करता हूँ। दोनों पवित्र और मनोहर चरित्रवाली हैं। एक ( गङ्गाजी ) स्नान करने और जल पीनेसे पापोंको हरती हैं और दूसरी ( सरस्वतीजी ) गुण और यश कहने और सुननेसे अज्ञानका नाश कर देती हैं॥१॥

**चौ०** 
> गुर पितु मातु महेस भवानी। प्रनवउँ दीनबंधु दिन दानी॥  
> सेवक स्वामि सखा सिय पी के। हित निरुपधि सब बिधि तुलसी के॥२॥

भावार्थ: श्रीमहेश और पार्वतीको मैं प्रणाम करता हूँ, जो मेरे गुरु और माता-पिता हैं, जो दीनबन्धु और नित्य दान करनेवाले हैं, जो सीतापति श्रीरामचन्द्रजीके सेवक, स्वामी और सखा हैं तथा मुझ तुलसीदासका सब प्रकारसे कपटरहित ( सच्चा ) हित करनेवाले हैं॥२॥

**चौ०** 
> कलि बिलोकि जग हित हर गिरिजा। साबर मंत्र जाल जिन्ह सिरिजा॥  
> अनमिल आखर अरथ न जापू। प्रगट प्रभाउ महेस प्रतापू॥३॥

भावार्थ: जिन शिव-पार्वतीने कलियुगको देखकर, जगत्‌के हितके लिये, शाबर मन्त्रसमूहकी रचना की, जिन मन्त्रोंके अक्षर बेमेल हैं, जिनका न कोई ठीक अर्थ होता है और न जप ही होता है, तथापि श्रीशिवजीके प्रतापसे जिनका प्रभाव प्रत्यक्ष है॥३॥

**चौ०** 
> सो उमेस मोहि पर अनुकूला। करिहिं कथा मुद मंगल मूला॥  
> सुमिरि सिवा सिव पाइ पसाऊ। बरनउँ रामचरित चित चाऊ॥४॥

भावार्थ: वे उमापति शिवजी मुझपर प्रसन्न होकर [ श्रीरामजीकी ] इस कथाको आनन्द और मङ्गलकी मूल ( उत्पन्न करनेवाली ) बनायेंगे। इस प्रकार पार्वतीजी और शिवजी दोनोंका स्मरण करके और उनका प्रसाद पाकर मैं चावभरे चित्तसे श्रीरामचरित्रका वर्णन करता हूँ॥४॥

**चौ०** 
> भनिति मोरि सिव कृपाँ बिभाती। ससि समाज मिलि मनहुँ सुराती॥  
> जे एहि कथहि सनेह समेता। कहिहहिं सुनिहहिं समुझि सचेता॥५॥  
> होइहहिं राम चरन अनुरागी। कलि मल रहित सुमंगल भागी॥६॥

भावार्थ: मेरी कविता श्रीशिवजीकी कृपासे ऐसी सुशोभित होगी, जैसी तारागणोंके सहित चन्द्रमाके साथ रात्रि शोभित होती है। जो इस कथाको प्रेमसहित एवं सावधानीके साथ समझ-बूझकर कहें-सुनेंगे, वे कलियुगके पापोंसे रहित और सुन्दर कल्याणके भागी होकर श्रीरामचन्द्रजीके चरणोंके प्रेमी बन जायँगे॥५-६॥

**दो०** 
> सपनेहुँ साचेहुँ मोहि पर जौं हर गौरि पसाउ।  
> तौ फुर होउ जो कहेउँ सब भाषा भनिति प्रभाउ॥१५॥

भावार्थ: यदि मुझपर श्रीशिवजी और पार्वतीजीकी स्वप्नमें भी सचमुच प्रसन्नता हो, तो मैंने इस भाषा, कविताका जो प्रभाव कहा है, वह सब सच हो॥१५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-14g  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-16

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
