---
title: "बालकाण्ड दोहा 143"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-143"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 143

**चौ०** 
> बरबस राज सुतहि तब दीन्हा। नारि समेत गवन बन कीन्हा॥  
> तीरथ बर नैमिष बिख्याता। अति पुनीत साधक सिधि दाता॥१॥

भावार्थ: तब मनुजीने अपने पुत्रको जबर्दस्ती राज्य देकर स्वयं स्त्रीसहित वनको गमन किया। अत्यन्त पवित्र और साधकोंको सिद्धि देनेवाला तीर्थोंमें श्रेष्ठ नैमिषारण्य प्रसिद्ध है॥१॥

**चौ०** 
> बसहिं तहाँ मुनि सिद्ध समाजा। तहँ हियँ हरषि चलेउ मनु राजा॥  
> पंथ जात सोहहिं मतिधीरा। ग्यान भगति जनु धरें सरीरा॥२॥

भावार्थ: वहाँ मुनियों और सिद्धोंके समूह बसते हैं। राजा मनु हृदयमें हर्षित होकर वहीं चले। वे धीर बुद्धिवाले राजा-रानी मार्गमें जाते हुए ऐसे सुशोभित हो रहे थे मानो ज्ञान और भक्ति ही शरीर धारण किये जा रहे हों॥२॥

**चौ०** 
> पहुँचे जाइ धेनुमति तीरा। हरषि नहाने निरमल नीरा॥  
> आए मिलन सिद्ध मुनि ग्यानी। धरम धुरंधर नृपरिषि जानी॥३॥

भावार्थ: [ चलते-चलते ] वे गोमतीके किनारे जा पहुँचे। हर्षित होकर उन्होंने निर्मल जलमें स्नान किया। उनको धर्मधुरन्धर राजर्षि जानकर सिद्ध और ज्ञानी मुनि उनसे मिलने आये॥३॥

**चौ०** 
> जहँ जहँ तीरथ रहे सुहाए। मुनिन्ह सकल सादर करवाए॥  
> कृस सरीर मुनिपट परिधाना। सत समाज नित सुनहिं पुराना॥४॥

भावार्थ: जहाँ-जहाँ सुन्दर तीर्थ थे, मुनियोंने आदरपूर्वक सभी तीर्थ उनको करा दिये। उनका शरीर दुर्बल हो गया था, वे मुनियोंके-से ( वल्कल ) वस्त्र धारण करते थे और संतोंके समाजमें नित्य पुराण सुनते थे॥४॥

**दो०** 
> द्वादस अच्छर मंत्र पुनि जपहिं सहित अनुराग।  
> बासुदेव पद पंकरुह दंपति मन अति लाग॥१४३॥

भावार्थ: और द्वादशाक्षर मन्त्र ( ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ) का प्रेमसहित जप करते थे। भगवान्‌ वासुदेवके चरणकमलोंमें उन राजा-रानीका मन बहुत ही लग गया॥१४३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-142  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-144

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
