---
title: "बालकाण्ड दोहा 122"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-122"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 122

**चौ०** 
> सोइ जस गाइ भगत भव तरहीं। कृपासिंधु जन हित तनु धरहीं॥  
> राम जनम के हेतु अनेका। परम बिचित्र एक तें एका॥१॥

भावार्थ: उसी यशको गा-गाकर भक्तजन भवसागरसे तर जाते हैं। कृपासागर भगवान्‌ भक्तोंके हितके लिये शरीर धारण करते हैं। श्रीरामचन्द्रजीके जन्म लेनेके अनेक कारण हैं, जो एक-से-एक बढ़कर विचित्र हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> जनम एक दुइ कहउँ बखानी। सावधान सुनु सुमति भवानी॥  
> द्वारपाल हरि के प्रिय दोऊ। जय अरु बिजय जान सब कोऊ॥२॥

भावार्थ: हे सुन्दर बुद्धिवाली भवानी! मैं उनके दो-एक जन्मोंका विस्तारसे वर्णन करता हूँ, तुम सावधान होकर सुनो। श्रीहरिके जय और विजय दो प्यारे द्वारपाल हैं, जिनको सब कोई जानते हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> बिप्र श्राप तें दूनउ भाई। तामस असुर देह तिन्ह पाई॥  
> कनककसिपु अरु हाटकलोचन। जगत बिदित सुरपति मद मोचन॥३॥

भावार्थ: उन दोनों भाइयोंने ब्राह्मण ( सनकादि ) के शापसे असुरोंका तामसी शरीर पाया। एकका नाम था हिरण्यकशिपु और दूसरेका हिरण्याक्ष। ये देवराज इन्द्रके गर्वको छुड़ानेवाले सारे जगत्‌में प्रसिद्ध हुए॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बिजई समर बीर बिख्याता। धरि बराह बपु एक निपाता॥  
> होइ नरहरि दूसर पुनि मारा। जन प्रहलाद सुजस बिस्तारा॥४॥

भावार्थ: वे युद्धमें विजय पानेवाले विख्यात वीर थे। इनमेंसे एक ( हिरण्याक्ष ) को भगवान्‌ने वराह ( सूअर ) का शरीर धारण करके मारा; फिर दूसरे ( हिरण्यकशिपु ) का नरसिंहरूप धारण करके वध किया और अपने भक्त प्रह्लादका सुन्दर यश फैलाया॥ ४ ॥

**दो०** 
> भए निसाचर जाइ तेइ महाबीर बलवान।  
> कुंभकरन रावन सुभट सुर बिजई जग जान॥१२२॥

भावार्थ: वे ही [ दोनों ] जाकर देवताओंको जीतनेवाले तथा बड़े योद्धा, रावण और कुम्भकर्ण नामक बड़े बलवान्‌ और महावीर राक्षस हुए, जिन्हें सारा जगत्‌ जानता है॥ १२२ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-121  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-123

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
