---
title: "बालकाण्ड दोहा 121"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-121"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 121

अवतारके हेतु

**चौ०** 
> सुनु गिरिजा हरिचरित सुहाए। बिपुल बिसद निगमागम गाए॥  
> हरि अवतार हेतु जेहि होई। इदमित्थं कहि जाइ न सोई॥१॥

भावार्थ: हे पार्वती! सुनो, वेद-शास्त्रोंने श्रीहरिके सुन्दर, विस्तृत और निर्मल चरित्रोंका गान किया है। हरिका अवतार जिस कारणसे होता है, वह कारण ‘बस यही है’ ऐसा नहीं कहा जा सकता ( अनेकों कारण हो सकते हैं और ऐसे भी हो सकते हैं जिन्हें कोई जान ही नहीं सकता )॥ १ ॥

**चौ०** 
> राम अतर्क्य बुद्धि मन बानी। मत हमार अस सुनहि सयानी॥  
> तदपि संत मुनि बेद पुराना। जस कछु कहहिं स्वमति अनुमाना॥२॥

भावार्थ: हे सयानी! सुनो, हमारा मत तो यह है कि बुद्धि, मन और वाणीसे श्रीरामचन्द्रजीकी तर्कना नहीं की जा सकती। तथापि संत, मुनि, वेद और पुराण—अपनी-अपनी बुद्धिके अनुसार जैसा कुछ कहते हैं,॥ २ ॥

**चौ०** 
> तस मैं सुमुखि सुनावउँ तोही। समुझि परइ जस कारन मोही॥  
> जब जब होइ धरम कै हानी। बाढ़हिं असुर अधम अभिमानी॥३॥

भावार्थ: और जैसा कुछ मेरी समझमें आता है, हे सुमुखि! वही कारण मैं तुमको सुनाता हूँ। जब-जब धर्मका ह्रास होता है और नीच अभिमानी राक्षस बढ़ जाते हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> करहिं अनीति जाइ नहिं बरनी। सीदहिं बिप्र धेनु सुर धरनी॥  
> तब तब प्रभु धरि बिबिध सरीरा। हरहिं कृपानिधि सज्जन पीरा॥४॥

भावार्थ: और वे ऐसा अन्याय करते हैं कि जिसका वर्णन नहीं हो सकता तथा ब्राह्मण, गौ, देवता और पृथ्वी कष्ट पाते हैं, तब-तब वे कृपानिधान प्रभु भाँति-भाँतिके [ दिव्य ] शरीर धारण कर सज्जनोंकी पीड़ा हरते हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> असुर मारि थापहिं सुरन्ह राखहिं निज श्रुति सेतु।  
> जग बिस्तारहिं बिसद जस राम जन्म कर हेतु॥१२१॥

भावार्थ: वे असुरोंको मारकर देवताओंको स्थापित करते हैं, अपने [ श्वासरूप ] वेदोंकी मर्यादाकी रक्षा करते हैं और जगत्‌में अपना निर्मल यश फैलाते हैं। श्रीरामचन्द्रजीके अवतारका यह कारण है॥ १२१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-120d  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-122

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
