---
title: "बालकाण्ड दोहा 116"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-116"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 116

**चौ०** 
> सगुनहि अगुनहि नहिं कछु भेदा। गावहिं मुनि पुरान बुध बेदा॥  
> अगुन अरूप अलख अज जोई। भगत प्रेम बस सगुन सो होई॥१॥

भावार्थ: सगुण और निर्गुणमें कुछ भी भेद नहीं है—मुनि, पुराण, पण्डित और वेद सभी ऐसा कहते हैं। जो निर्गुण, अरूप ( निराकार ), अलख ( अव्यक्त ) और अजन्मा है, वही भक्तोंके प्रेमवश सगुण हो जाता है॥१॥

**चौ०** 
> जो गुन रहित सगुन सोइ कैसें। जलु हिम उपल बिलग नहिं जैसें॥  
> जासु नाम भ्रम तिमिर पतंगा। तेहि किमि कहिअ बिमोह प्रसंगा॥२॥

भावार्थ: जो निर्गुण है, वही सगुण कैसे है? जैसे जल और ओलेमें भेद नहीं। ( दोनों जल ही हैं, ऐसे ही निर्गुण और सगुण एक ही हैं। ) जिसका नाम भ्रमरूपी अन्धकारके मिटानेके लिये सूर्य है, उसके लिये मोहका प्रसंग भी कैसे कहा जा सकता है?॥२॥

**चौ०** 
> राम सच्चिदानंद दिनेसा। नहिं तहँ मोह निसा लवलेसा॥  
> सहज प्रकासरूप भगवाना। नहिं तहँ पुनि बिग्यान बिहाना॥३॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजी सच्चिदानन्दस्वरूप सूर्य हैं। वहाँ मोहरूपी रात्रिका लवलेश भी नहीं है। वे स्वभावसे ही प्रकाशरूप और [ षडैश्वर्ययुक्त ] भगवान्‌ हैं, वहाँ तो विज्ञानरूपी प्रातःकाल भी नहीं होता। ( अज्ञानरूपी रात्रि हो तब तो विज्ञानरूपी प्रातःकाल हो; भगवान्‌ तो नित्य ज्ञानस्वरूप हैं। )॥३॥

**चौ०** 
> हरष बिषाद ग्यान अग्याना। जीव धर्म अहमिति अभिमाना॥  
> राम ब्रह्म ब्यापक जग जाना। परमानंद परेस पुराना॥४॥

भावार्थ: हर्ष, शोक, ज्ञान, अज्ञान, अहंता और अभिमान—ये सब जीवके धर्म हैं। श्रीरामचन्द्रजी तो व्यापक ब्रह्म, परमानन्दस्वरूप, परात्पर प्रभु और पुराणपुरुष हैं। इस बातको सारा जगत्‌ जानता है॥४॥

**दो०** 
> पुरुष प्रसिद्ध प्रकास निधि प्रगट परावर नाथ।  
> रघुकुलमनि मम स्वामि सोइ कहि सिवँ नायउ माथ॥११६॥

भावार्थ: जो [ पुराण ] पुरुष प्रसिद्ध हैं, प्रकाशके भण्डार हैं, सब रूपोंमें प्रकट हैं, जीव, माया और जगत्‌ सबके स्वामी हैं, वे ही रघुकुलमणि श्रीरामचन्द्रजी मेरे स्वामी हैं—ऐसा कहकर शिवजीने उनको मस्तक नवाया॥११६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-115  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-117

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
