---
title: "बालकाण्ड दोहा 114"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-114"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 114

**चौ०** 
> रामकथा सुंदर कर तारी। संसय बिहग उड़ावनिहारी॥  
> रामकथा कलि बिटप कुठारी। सादर सुनु गिरिराजकुमारी॥१॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीकी कथा हाथकी सुन्दर ताली है, जो सन्देहरूपी पक्षियोंको उड़ा देती है। फिर रामकथा कलियुगरूपी वृक्षको काटनेके लिये कुल्हाड़ी है। हे गिरिराजकुमारी! तुम इसे आदरपूर्वक सुनो॥१॥

**चौ०** 
> राम नाम गुन चरित सुहाए। जनम करम अगनित श्रुति गाए॥  
> जथा अनंत राम भगवाना। तथा कथा कीरति गुन नाना॥२॥

भावार्थ: वेदोंने श्रीरामचन्द्रजीके सुन्दर नाम, गुण, चरित्र, जन्म और कर्म सभी अनगिनत कहे हैं। जिस प्रकार भगवान्‌ श्रीरामचन्द्रजी अनन्त हैं, उसी तरह उनकी कथा, कीर्ति और गुण भी अनन्त हैं॥२॥

**चौ०** 
> तदपि जथा श्रुत जसि मति मोरी। कहिहउँ देखि प्रीति अति तोरी॥  
> उमा प्रस्न तव सहज सुहाई। सुखद संतसंमत मोहि भाई॥३॥

भावार्थ: तो भी तुम्हारी अत्यन्त प्रीति देखकर, जैसा कुछ मैंने सुना है और जैसी मेरी बुद्धि है, उसीके अनुसार मैं कहूँगा। हे पार्वती! तुम्हारा प्रश्न स्वाभाविक ही सुन्दर, सुखदायक और संतसम्मत है और मुझे तो बहुत ही अच्छा लगा है॥३॥

**चौ०** 
> एक बात नहिं मोहि सोहानी। जदपि मोह बस कहेहु भवानी॥  
> तुम्ह जो कहा राम कोउ आना। जेहि श्रुति गाव धरहिं मुनि ध्याना॥४॥

भावार्थ: परन्तु हे पार्वती! एक बात मुझे अच्छी नहीं लगी, यद्यपि वह तुमने मोहके वश होकर ही कही है। तुमने जो यह कहा कि वे राम कोई और हैं, जिन्हें वेद गाते और मुनिजन जिनका ध्यान धरते हैं—॥४॥

**दो०** 
> कहहिं सुनहिं अस अधम नर ग्रसे जे मोह पिसाच।  
> पाषंडी हरि पद बिमुख जानहिं झूठ न साच॥११४॥

भावार्थ: जो मोहरूपी पिशाचके द्वारा ग्रस्त हैं, पाखण्डी हैं, भगवान्‌के चरणोंसे विमुख हैं और जो झूठ-सच कुछ भी नहीं जानते, ऐसे अधम मनुष्य ही इस तरह कहते-सुनते हैं॥११४ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-113  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-115

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
