---
title: "बालकाण्ड दोहा 104"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-104"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 104

**चौ०** 
> संभु चरित सुनि सरस सुहावा। भरद्वाज मुनि अति सुखु पावा॥  
> बहु लालसा कथा पर बाढ़ी। नयनन्हि नीरु रोमावलि ठाढ़ी॥१॥

भावार्थ: शिवजीके रसीले और सुहावने चरित्रको सुनकर मुनि भरद्वाजजीने बहुत ही सुख पाया। कथा सुननेकी उनकी लालसा बहुत बढ़ गयी। नेत्रोंमें जल भर आया तथा रोमावली खड़ी हो गयी॥१॥

**चौ०** 
> प्रेम बिबस मुख आव न बानी। दसा देखि हरषे मुनि ग्यानी॥  
> अहो धन्य तव जन्मु मुनीसा। तुम्हहि प्रान सम प्रिय गौरीसा॥२॥

भावार्थ: वे प्रेममें मुग्ध हो गये, मुखसे वाणी नहीं निकलती। उनकी यह दशा देखकर ज्ञानी मुनि याज्ञवल्क्य बहुत प्रसन्न हुए [ और बोले— ] हे मुनीश! अहा हा! तुम्हारा जन्म धन्य है; तुमको गौरीपति शिवजी प्राणोंके समान प्रिय हैं॥२॥

**चौ०** 
> सिव पद कमल जिन्हहि रति नाहीं। रामहि ते सपनेहुँ न सोहाहीं॥  
> बिनु छल बिस्वनाथ पद नेहू। राम भगत कर लच्छन एहू॥३॥

भावार्थ: शिवजीके चरणकमलोंमें जिनकी प्रीति नहीं है, वे श्रीरामचन्द्रजीको स्वप्नमें भी अच्छे नहीं लगते। विश्वनाथ श्रीशिवजीके चरणोंमें निष्कपट ( विशुद्ध ) प्रेम होना यही रामभक्तका लक्षण है॥३॥

**चौ०** 
> सिव सम को रघुपति ब्रतधारी। बिनु अघ तजी सती असि नारी॥  
> पनु करि रघुपति भगति देखाई। को सिव सम रामहि प्रिय भाई॥४॥

भावार्थ: शिवजीके समान रघुनाथजी [ की भक्ति ] का व्रत धारण करनेवाला कौन है? जिन्होंने बिना ही पापके सती-जैसी स्त्रीको त्याग दिया और प्रतिज्ञा करके श्रीरघुनाथजीकी भक्तिको दिखा दिया। हे भाई! श्रीरामचन्द्रजीको शिवजीके समान और कौन प्यारा है?॥४॥

**दो०** 
> प्रथमहिं मैं कहि सिव चरित बूझा मरमु तुम्हार।  
> सुचि सेवक तुम्ह राम के रहित समस्त बिकार॥१०४॥

भावार्थ: मैंने पहले ही शिवजीका चरित्र कहकर तुम्हारा भेद समझ लिया। तुम श्रीरामचन्द्रजीके पवित्र सेवक हो और समस्त दोषोंसे रहित हो॥१०४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-103  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-105

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
