---
title: "बालकाण्ड दोहा 1"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-1"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 1

**चौ०** 
> बंदउँ गुरु पद पदुम परागा। सुरुचि सुबास सरस अनुरागा॥  
> अमिअ मूरिमय चूरन चारू। समन सकल भव रुज परिवारू॥ १ ॥

भावार्थ: मैं गुरु महाराजके चरणकमलोंकी रजकी वन्दना करता हूँ, जो सुरुचि ( सुन्दर स्वाद ), सुगन्ध तथा अनुरागरूपी रससे पूर्ण है। वह अमर मूल ( सञ्जीवनी जड़ी ) का सुन्दर चूर्ण है, जो सम्पूर्ण भवरोगोंके परिवारको नाश करनेवाला है॥ १ ॥

**चौ०** 
> सुकृति संभु तन बिमल बिभूती। मंजुल मंगल मोद प्रसूती॥  
> जन मन मंजु मुकुर मल हरनी। किएँ तिलक गुन गन बस करनी॥ २ ॥

भावार्थ: वह रज सुकृती ( पुण्यवान्‌ पुरुष ) रूपी शिवजीके शरीरपर सुशोभित निर्मल विभूति है और सुन्दर कल्याण और आनन्दकी जननी है, भक्तके मनरूपी सुन्दर दर्पणके मैलको दूर करनेवाली और तिलक करनेसे गुणोंके समूहको वशमें करनेवाली है॥ २ ॥

**चौ०** 
> श्रीगुर पद नख मनि गन जोती। सुमिरत दिब्य दृष्टि हियँ होती॥  
> दलन मोह तम सो सप्रकासू। बड़े भाग उर आवइ जासू॥ ३ ॥

भावार्थ: श्रीगुरु महाराजके चरण-नखोंकी ज्योति मणियोंके प्रकाशके समान है, जिसके स्मरण करते ही हृदयमें दिव्य दृष्टि उत्पन्न हो जाती है। वह प्रकाश अज्ञानरूपी अन्धकारका नाश करनेवाला है; वह जिसके हृदयमें आ जाता है, उसके बड़े भाग्य हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> उघरहिं बिमल बिलोचन ही के। मिटहिं दोष दुख भव रजनी के॥  
> सूझहिं राम चरित मनि मानिक। गुपुत प्रगट जहँ जो जेहि खानिक॥ ४ ॥

भावार्थ: उसके हृदयमें आते ही हृदयके निर्मल नेत्र खुल जाते हैं और संसाररूपी रात्रिके दोष-दुःख मिट जाते हैं एवं श्रीरामचरित्ररूपी मणि और माणिक्य, गुप्त और प्रकट जहाँ जो जिस खानमें है, सब दिखायी पड़ने लगते हैं— ॥ ४ ॥

**दो०** 
> जथा सुअंजन अंजि दृग साधक सिद्ध सुजान।  
> कौतुक देखत सैल बन भूतल भूरि निधान॥ १ ॥

भावार्थ: जैसे सिद्धाञ्जनको नेत्रोंमें लगाकर साधक, सिद्ध और सुजान पर्वतों, वनों और पृथ्वीके अंदर कौतुकसे ही बहुत-सी खानें देखते हैं॥ १ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/mangalacharan  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-2

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
