---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 95"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-95"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 95

**चौ०** 
> तात कृपा करि कीजिअ सोई। जातें अवध अनाथ न होई॥  
> मंत्रिहि राम उठाइ प्रबोधा। तात धरम मतु तुम्ह सबु सोधा॥१॥

भावार्थ: [ और कहा— ] हे तात! कृपा करके वही कीजिये जिससे अयोध्या अनाथ न हो। श्रीरामजीने मन्त्रीको उठाकर धैर्य बँधाते हुए समझाया कि हे तात! आपने तो धर्मके सभी सिद्धान्तोंको छान डाला है ॥ १ ॥

**चौ०** 
> सिबि दधीच हरिचंद नरेसा। सहे धरम हित कोटि कलेसा॥  
> रंतिदेव बलि भूप सुजाना। धरमु धरेउ सहि संकट नाना॥२॥

भावार्थ: शिबि, दधीचि और राजा हरिश्चन्द्रने धर्मके लिये करोड़ों ( अनेकों ) कष्ट सहे थे। बुद्धिमान् राजा रन्तिदेव और बलि बहुत-से संकट सहकर भी धर्मको पकड़े रहे ( उन्होंने धर्मका परित्याग नहीं किया ) ॥ २ ॥

**चौ०** 
> धरमु न दूसर सत्य समाना। आगम निगम पुरान बखाना॥  
> मैं सोइ धरमु सुलभ करि पावा। तजें तिहूँ पुर अपजसु छावा॥३॥

भावार्थ: वेद, शास्त्र और पुराणोंमें कहा गया है कि सत्यके समान दूसरा धर्म नहीं है। मैंने उस धर्मको सहज ही पा लिया है। इस [ सत्यरूपी धर्म ] का त्याग करनेसे तीनों लोकोंमें अपयश छा जायगा ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> संभावित कहुँ अपजस लाहू। मरन कोटि सम दारुन दाहू॥  
> तुम्ह सन तात बहुत का कहऊँ। दिएँ उतरु फिरि पातकु लहऊँ॥४॥

भावार्थ: प्रतिष्ठित पुरुषके लिये अपयशकी प्राप्ति करोड़ों मृत्युके समान भीषण सन्ताप देनेवाली है। हे तात! मैं आपसे अधिक क्या कहूँ! लौटकर उत्तर देनेमें भी पापका भागी होता हूँ ॥ ४ ॥

**दो०** 
> पितु पद गहि कहि कोटि नति बिनय करब कर जोरि।  
> चिंता कवनिहु बात कै तात करिअ जनि मोरि॥९५॥

भावार्थ: आप जाकर पिताजीके चरण पकड़कर करोड़ों नमस्कारके साथ ही हाथ जोड़कर विनती करियेगा कि हे तात! आप मेरी किसी बातकी चिन्ता न करें॥ ९५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-94  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-96

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
