---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 94"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-94"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 94

**चौ०** 
> सखा समुझि अस परिहरि मोहू। सिय रघुबीर चरन रत होहू॥  
> कहत राम गुन भा भिनुसारा। जागे जग मंगल सुखदारा॥१॥

भावार्थ: हे सखा! ऐसा समझ, मोहको त्यागकर श्रीसीतारामजीके चरणोंमें प्रेम करो। इस प्रकार श्रीरामचन्द्रजीके गुण कहते-कहते सबेरा हो गया! तब जगत्‌का मङ्गल करनेवाले और उसे सुख देनेवाले श्रीरामजी जागे ॥ १ ॥

**चौ०** 
> सकल सौच करि राम नहावा। सुचि सुजान बट छीर मगावा॥  
> अनुज सहित सिर जटा बनाए। देखि सुमंत्र नयन जल छाए॥२॥

भावार्थ: शौचके सब कार्य करके [ नित्य ] पवित्र और सुजान श्रीरामचन्द्रजीने स्नान किया। फिर बड़का दूध मँगाया और छोटे भाई लक्ष्मणजीसहित उस दूधसे सिरपर जटाएँ बनायीं। यह देखकर सुमन्त्रजीके नेत्रोंमें जल छा गया ॥ २ ॥

**चौ०** 
> हृदयँ दाहु अति बदन मलीना। कह कर जोरि बचन अति दीना॥  
> नाथ कहेउ अस कोसलनाथा। लै रथु जाहु राम कें साथा॥३॥

भावार्थ: उनका हृदय अत्यन्त जलने लगा, मुँह मलिन ( उदास ) हो गया। वे हाथ जोड़कर अत्यन्त दीन वचन बोले—हे नाथ! मुझे कोसलनाथ दशरथजीने ऐसी आज्ञा दी थी कि तुम रथ लेकर श्रीरामजीके साथ जाओ; ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बनु देखाइ सुरसरि अन्हवाई। आनेहु फेरि बेगि दोउ भाई॥  
> लखनु रामु सिय आनेहु फेरी। संसय सकल सँकोच निबेरी॥४॥

भावार्थ: वन दिखाकर, गङ्गास्नान कराकर दोनों भाइयोंको तुरंत लौटा लाना। सब संशय और संकोचको दूर करके लक्ष्मण, राम, सीताको फिरा लाना ॥ ४ ॥

**दो०** 
> नृप अस कहेउ गोसाइँ जस कहइ करौं बलि सोइ।  
> करि बिनती पायन्ह परेउ दीन्ह बाल जिमि रोइ॥९४॥

भावार्थ: महाराजने ऐसा कहा था, अब प्रभु जैसा कहें, मैं वही करूँ; मैं आपकी बलिहारी हूँ। इस प्रकार विनती करके वे श्रीरामचन्द्रजीके चरणोंमें गिर पड़े और उन्होंने बालककी तरह रो दिया॥ ९४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-93  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-95

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
