---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 93"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-93"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 93

**चौ०** 
> अस बिचारि नहिं कीजिअ रोसू। काहुहि बादि न देइअ दोसू॥  
> मोह निसाँ सबु सोवनिहारा। देखिअ सपन अनेक प्रकारा॥१॥

भावार्थ: ऐसा विचारकर क्रोध नहीं करना चाहिये और न किसीको व्यर्थ दोष ही देना चाहिये। सब लोग मोहरूपी रात्रिमें सोनेवाले हैं और सोते हुए उन्हें अनेकों प्रकारके स्वप्न दिखायी देते हैं ॥ १ ॥

**चौ०** 
> एहिं जग जामिनि जागहिं जोगी। परमारथी प्रपंच बियोगी॥  
> जानिअ तबहिं जीव जग जागा। जब सब बिषय बिलास बिरागा॥२॥

भावार्थ: इस जगत्‌रूपी रात्रिमें योगीलोग जागते हैं, जो परमार्थी हैं और प्रपञ्च ( मायिक जगत् ) से छूटे हुए हैं। जगत्‌में जीवको जागा हुआ तभी जानना चाहिये जब सम्पूर्ण भोग-विलासोंसे वैराग्य हो जाय ॥ २ ॥

**चौ०** 
> होइ बिबेकु मोह भ्रम भागा। तब रघुनाथ चरन अनुरागा॥  
> सखा परम परमारथु एहू। मन क्रम बचन राम पद नेहू॥३॥

भावार्थ: विवेक होनेपर मोहरूपी भ्रम भाग जाता है, तब ( अज्ञानका नाश होनेपर ) श्रीरघुनाथजीके चरणोंमें प्रेम होता है। हे सखा! मन, वचन और कर्मसे श्रीरामजीके चरणोंमें प्रेम होना, यही सर्वश्रेष्ठ परमार्थ ( पुरुषार्थ ) है ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> राम ब्रह्म परमारथ रूपा। अबिगत अलख अनादि अनूपा॥  
> सकल बिकार रहित गतभेदा। कहि नित नेति निरूपहिं बेदा॥४॥

भावार्थ: श्रीरामजी परमार्थस्वरूप ( परमवस्तु ) परब्रह्म हैं। वे अविगत ( जाननेमें न आनेवाले ), अलख ( स्थूल दृष्टिसे देखनेमें न आनेवाले ), अनादि ( आदिरहित ), अनुपम ( उपमारहित ), सब विकारोंसे रहित और भेदशून्य हैं, वेद जिनका नित्य ‘नेति-नेति’ कहकर निरूपण करते हैं ॥ ४ ॥

**दो०** 
> भगत भूमि भूसुर सुरभि सुर हित लागि कृपाल।  
> करत चरित धरि मनुज तनु सुनत मिटहिं जग जाल॥९३॥

भावार्थ: वही कृपालु श्रीरामचन्द्रजी भक्त, भूमि, ब्राह्मण, गौ और देवताओंके हितके लिये मनुष्यशरीर धारण करके लीलाएँ करते हैं, जिनके सुननेसे जगत्‌के जंजाल मिट जाते हैं ॥ ९३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-92  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-94

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
