---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 91"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-91"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 91

**चौ०** 
> बिबिध बसन उपधान तुराईं। छीर फेन मृदु बिसद सुहाईं॥  
> तहँ सिय रामु सयन निसि करहीं। निज छबि रति मनोज मदु हरहीं॥१॥

भावार्थ: जहाँ [ ओढ़ने-बिछानेके ] अनेकों वस्त्र, तकिये और गद्दे हैं, जो दूधके फेनके समान कोमल, निर्मल ( उज्ज्वल ) और सुन्दर हैं; वहाँ ( उन चौबारोंमें ) श्रीसीताजी और श्रीरामचन्द्रजी रातको सोया करते थे और अपनी शोभासे रति और कामदेवके गर्वको हरण करते थे॥ १ ॥

**चौ०** 
> ते सिय रामु साथरीं सोए। श्रमित बसन बिनु जाहिं न जोए॥  
> मातु पिता परिजन पुरबासी। सखा सुसील दास अरु दासी॥२॥

भावार्थ: वही श्रीसीता और श्रीरामजी आज घास-फूसकी साथरीपर थके हुए बिना वस्त्रके ही सोये हैं। ऐसी दशामें वे देखे नहीं जाते। माता, पिता, कुटुम्बी, पुरवासी ( प्रजा ), मित्र, अच्छे शील-स्वभावके दास और दासियाँ— ॥ २ ॥

**चौ०** 
> जोगवहिं जिन्हहि प्रान की नाईं। महि सोवत तेइ राम गोसाईं॥  
> पिता जनक जग बिदित प्रभाऊ। ससुर सुरेस सखा रघुराऊ॥३॥

भावार्थ: सब जिनकी अपने प्राणोंकी तरह सार-सँभार करते थे, वही प्रभु श्रीरामचन्द्रजी आज पृथ्वीपर सो रहे हैं। जिनके पिता जनकजी हैं, जिनका प्रभाव जगत्‌में प्रसिद्ध है; जिनके ससुर इन्द्रके मित्र रघुराज दशरथजी हैं,॥ ३ ॥

**चौ०** 
> रामचंदु पति सो बैदेही। सोवत महि बिधि बाम न केही॥  
> सिय रघुबीर कि कानन जोगू। करम प्रधान सत्य कह लोगू॥४॥

भावार्थ: और पति श्रीरामचन्द्रजी हैं, वही जानकीजी आज जमीनपर सो रही हैं। विधाता किसको प्रतिकूल नहीं होता! सीताजी और श्रीरामचन्द्रजी क्या वनके योग्य हैं ? लोग सच कहते हैं कि कर्म ( भाग्य ) ही प्रधान है॥ ४॥

**दो०** 
> कैकयनंदिनि मंदमति कठिन कुटिलपनु कीन्ह।  
> जेहिं रघुनंदन जानकिहि सुख अवसर दुखु दीन्ह॥९१॥

भावार्थ: कैकयराजकी लड़की नीचबुद्धि कैकेयीने बड़ी ही कुटिलता की, जिसने रघुनन्दन श्रीरामजीको और जानकीजीको सुखके समय दुःख दिया॥ ९१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-90  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-92

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
