---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 75"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-75"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 75

श्रीरामजी, लक्ष्मणजी, सीताजीका महाराज दशरथके पास विदा माँगने जाना, दशरथजीका सीताजीको समझाना

**चौ०** 
> पुत्रवती जुबती जग सोई। रघुपति भगतु जासु सुतु होई॥  
> नतरु बाँझ भलि बादि बिआनी। राम बिमुख सुत तें हित जानी॥१॥

भावार्थ: संसारमें वही युवती स्त्री पुत्रवती है जिसका पुत्र श्रीरघुनाथजीका भक्त हो। नहीं तो जो रामसे विमुख पुत्रसे अपना हित जानती है, वह तो बाँझ ही अच्छी। पशुकी भाँति उसका ब्याना ( पुत्र प्रसव करना ) व्यर्थ ही है॥ १ ॥

**चौ०** 
> तुम्हरेहिं भाग रामु बन जाहीं। दूसर हेतु तात कछु नाहीं॥  
> सकल सुकृत कर बड़ फलु एहू। राम सीय पद सहज सनेहू॥२॥

भावार्थ: तुम्हारे ही भाग्यसे श्रीरामजी वनको जा रहे हैं। हे तात! दूसरा कोई कारण नहीं है। सम्पूर्ण पुण्योंका सबसे बड़ा फल यही है कि श्रीसीतारामजीके चरणोंमें स्वाभाविक प्रेम हो॥ २ ॥

**चौ०** 
> रागु रोषु इरिषा मदु मोहू। जनि सपनेहुँ इन्ह के बस होहू॥  
> सकल प्रकार बिकार बिहाई। मन क्रम बचन करेहु सेवकाई॥३॥

भावार्थ: राग, रोष, ईर्ष्या, मद और मोह—इनके वश स्वप्नमें भी मत होना। सब प्रकारके विकारोंका त्याग कर मन, वचन और कर्मसे श्रीसीतारामजीकी सेवा करना॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तुम्ह कहुँ बन सब भाँति सुपासू। सँग पितु मातु रामु सिय जासू॥  
> जेहिं न रामु बन लहहिं कलेसू। सुत सोइ करेहु इहइ उपदेसू॥४॥

भावार्थ: तुमको वनमें सब प्रकारसे आराम है, जिसके साथ श्रीरामजी और सीताजीरूप पिता-माता हैं। हे पुत्र! तुम वही करना जिससे श्रीरामचन्द्रजी वनमें क्लेश न पावें, मेरा यही उपदेश है॥ ४॥

**छं०** 
> उपदेसु यहु जेहिं तात तुम्हरे राम सिय सुख पावहीं।  
> पितु मातु प्रिय परिवार पुर सुख सुरति बन बिसरावहीं॥  
> तुलसी प्रभुहि सिख देइ आयसु दीन्ह पुनि आसिष दई।  
> रति होउ अबिरल अमल सिय रघुबीर पद नित नित नई॥

भावार्थ: हे तात! मेरा यही उपदेश है ( अर्थात् तुम वही करना ) जिससे वनमें तुम्हारे कारण श्रीरामजी और सीताजी सुख पावें और पिता, माता, प्रिय परिवार तथा नगरके सुखोंकी याद भूल जायँ। तुलसीदासजी कहते हैं कि सुमित्राजीने इस प्रकार हमारे प्रभु ( श्रीलक्ष्मणजी ) को शिक्षा देकर [ वन जानेकी ] आज्ञा दी और फिर यह आशीर्वाद दिया कि श्रीसीताजी और श्रीरघुवीरजीके चरणोंमें तुम्हारा निर्मल ( निष्काम और अनन्य ) एवं प्रगाढ़ प्रेम नित-नित नया हो!

**सो०** 
> मातु चरन सिरु नाइ चले तुरत संकित हृदयँ।  
> बागुर बिषम तोराइ मनहुँ भाग मृगु भाग बस॥७५॥

भावार्थ: माताके चरणोंमें सिर नवाकर हृदयमें डरते हुए [ कि अब भी कोई विघ्न न आ जाय ] लक्ष्मणजी तुरंत इस तरह चल दिये जैसे सौभाग्यवश कोई हिरन कठिन फंदेको तुड़ाकर भाग निकला हो॥ ७५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-74  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-76

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
