---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 74"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-74"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 74

**चौ०** 
> धीरजु धरेउ कुअवसर जानी। सहज सुहृद बोली मृदु बानी॥  
> तात तुम्हारि मातु बैदेही। पिता रामु सब भाँति सनेही॥१॥

भावार्थ: परन्तु कुसमय जानकर धैर्य धारण किया और स्वभावसे ही हित चाहनेवाली सुमित्राजी कोमल वाणीसे बोलीं—हे तात! जानकीजी तुम्हारी माता हैं और सब प्रकारसे स्नेह करनेवाले श्रीरामचन्द्रजी तुम्हारे पिता हैं!॥ १ ॥

**चौ०** 
> अवध तहाँ जहँ राम निवासू। तहँइँ दिवसु जहँ भानु प्रकासू॥  
> जौं पै सीय रामु बन जाहीं। अवध तुम्हार काजु कछु नाहीं॥२॥

भावार्थ: जहाँ श्रीरामजीका निवास हो वहीं अयोध्या है। जहाँ सूर्यका प्रकाश हो वहीं दिन है। यदि निश्चय ही सीता-राम वनको जाते हैं तो अयोध्यामें तुम्हारा कुछ भी काम नहीं है॥ २ ॥

**चौ०** 
> गुर पितु मातु बंधु सुर साईं। सेइअहिं सकल प्रान की नाईं॥  
> रामु प्रानप्रिय जीवन जी के। स्वारथ रहित सखा सबही के॥३॥

भावार्थ: गुरु, पिता, माता, भाई, देवता और स्वामी, इन सबकी सेवा प्राणके समान करनी चाहिये। फिर श्रीरामचन्द्रजी तो प्राणोंके भी प्रिय हैं, हृदयके भी जीवन हैं और सभीके स्वार्थरहित सखा हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> पूजनीय प्रिय परम जहाँ तें। सब मानिअहिं राम के नातें॥  
> अस जियँ जानि संग बन जाहू। लेहु तात जग जीवन लाहू॥४॥

भावार्थ: जगत्‌में जहाँतक पूजनीय और परम प्रिय लोग हैं, वे सब रामजीके नातेसे ही [ पूजनीय और परम प्रिय ] मानने योग्य हैं। हृदयमें ऐसा जानकर, हे तात! उनके साथ वन जाओ और जगत्‌में जीनेका लाभ उठाओ!॥ ४॥

**दो०** 
> भूरि भाग भाजनु भयहु मोहि समेत बलि जाउँ।  
> जौं तुम्हरें मन छाड़ि छलु कीन्ह राम पद ठाउँ॥७४॥

भावार्थ: मैं बलिहारी जाती हूँ, [ हे पुत्र! ] मेरे समेत तुम बड़े ही सौभाग्यके पात्र हुए, जो तुम्हारे चित्तने छल छोड़कर श्रीरामजीके चरणोंमें स्थान प्राप्त किया है॥ ७४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-73  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-75

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
