---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 66"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-66"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 66

श्रीराम-कौसल्या-सीता-संवाद

**चौ०** 
> बनदेबीं बनदेव उदारा। करिहहिं सासु ससुर सम सारा॥  
> कुस किसलय साथरी सुहाई। प्रभु सँग मंजु मनोज तुराई॥१॥

भावार्थ: उदार हृदयके वनदेवी और वनदेवता ही सास-ससुरके समान मेरी सार-सँभार करेंगे, और कुशा और पत्तोंकी सुन्दर साथरी ( बिछौना ) ही प्रभुके साथ कामदेवकी मनोहर तोशकके समान होगी॥ १ ॥

**चौ०** 
> कंद मूल फल अमिअ अहारू। अवध सौध सत सरिस पहारू॥  
> छिनु छिनु प्रभु पद कमल बिलोकी। रहिहउँ मुदित दिवस जिमि कोकी॥२॥

भावार्थ: कन्द, मूल और फल ही अमृतके समान आहार होंगे और [ वनके ] पहाड़ ही अयोध्याके सैकड़ों राजमहलोंके समान होंगे। क्षण-क्षणमें प्रभुके चरणकमलोंको देख-देखकर मैं ऐसी आनन्दित रहूँगी जैसी दिनमें चकवी रहती है॥ २ ॥

**चौ०** 
> बन दुख नाथ कहे बहुतेरे। भय बिषाद परिताप घनेरे॥  
> प्रभु बियोग लवलेस समाना। सब मिलि होहिं न कृपानिधाना॥३॥

भावार्थ: हे नाथ! आपने वनके बहुत-से दुःख और बहुत-से भय, विषाद और सन्ताप कहे। परन्तु हे कृपानिधान! वे सब मिलकर भी प्रभु ( आप ) के वियोग [ से होनेवाले दुःख ] के लवलेशके समान भी नहीं हो सकते॥ ३ ॥

**चौ०** 
> अस जियँ जानि सुजान सिरोमनि। लेइअ संग मोहि छाड़िअ जनि॥  
> बिनती बहुत करौं का स्वामी। करुनामय उर अंतरजामी॥४॥

भावार्थ: ऐसा जीमें जानकर, हे सुजानशिरोमणि! आप मुझे साथ ले लीजिये, यहाँ न छोड़िये। हे स्वामी! मैं अधिक क्या विनती करूँ? आप करुणामय हैं और सबके हृदयके अंदरकी जाननेवाले हैं॥ ४॥

**दो०** 
> राखिअ अवध जो अवधि लगि रहत न जनिअहिं प्रान।  
> दीनबंधु सुंदर सुखद सील सनेह निधान॥६६॥

भावार्थ: हे दीनबन्धु! हे सुन्दर! हे सुख देनेवाले! हे शील और प्रेमके भण्डार! यदि अवधि ( चौदह वर्ष ) तक मुझे अयोध्यामें रखते हैं तो जान लीजिये कि मेरे प्राण नहीं रहेंगे॥ ६६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-65  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-67

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
