---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 55"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-55"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 55

**चौ०** 
> राखि न सकइ न कहि सक जाहू। दुहूँ भाँति उर दारुन दाहू॥  
> लिखत सुधाकर गा लिखि राहू। बिधि गति बाम सदा सब काहू॥१॥

भावार्थ: न रख ही सकती हैं, न यह कह सकती हैं कि वन चले जाओ। दोनों ही प्रकारसे हृदयमें बड़ा भारी सन्ताप हो रहा है। [ मनमें सोचती हैं कि देखो— ] विधाताकी चाल सदा सबके लिये टेढ़ी होती है। लिखने लगे चन्द्रमा और लिख गया राहु!॥१॥

**चौ०** 
> धरम सनेह उभयँ मति घेरी। भइ गति साँप छुछुंदरि केरी॥  
> राखउँ सुतहि करउँ अनुरोधू। धरमु जाइ अरु बंधु बिरोधू॥२॥

भावार्थ: धर्म और स्नेह दोनोंने कौसल्याजीकी बुद्धिको घेर लिया। उनकी दशा साँप-छछूँदरकी-सी हो गयी। वे सोचने लगीं कि यदि मैं अनुरोध ( हठ ) करके पुत्रको रख लेती हूँ तो धर्म जाता है और भाइयोंमें विरोध होता है;॥२॥

**चौ०** 
> कहउँ जान बन तौ बड़ि हानी। संकट सोच बिबस भइ रानी॥  
> बहुरि समुझि तिय धरमु सयानी। रामु भरतु दोउ सुत सम जानी॥३॥

भावार्थ: और यदि वन जानेको कहती हूँ तो बड़ी हानि होती है। इस प्रकारके धर्म-संकटमें पड़कर रानी विशेषरूपसे सोचके वश हो गयीं। फिर बुद्धिमती कौसल्याजी स्त्री-धर्म ( पातिव्रत-धर्म ) को समझकर और राम तथा भरत दोनों पुत्रोंको समान जानकर—॥३॥

**चौ०** 
> सरल सुभाउ राम महतारी। बोली बचन धीर धरि भारी॥  
> तात जाउँ बलि कीन्हेहु नीका। पितु आयसु सब धरमक टीका॥४॥

भावार्थ: सरल स्वभाववाली श्रीरामचन्द्रजीकी माता बड़ा धीरज धरकर वचन बोलीं—हे तात! मैं बलिहारी जाती हूँ, तुमने अच्छा किया। पिताकी आज्ञाका पालन करना ही सब धर्मोंका शिरोमणि धर्म है॥४॥

**दो०** 
> राजु देन कहि दीन्ह बनु मोहि न सो दुख लेसु।  
> तुम्ह बिनु भरतहि भूपतिहि प्रजहि प्रचंड कलेसु॥५५॥

भावार्थ: राज्य देनेको कहकर वन दे दिया, उसका मुझे लेशमात्र भी दुःख नहीं है। [ दुःख तो इस बातका है कि ] तुम्हारे बिना भरतको, महाराजको और प्रजाको बड़ा भारी क्लेश होगा॥५५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-54  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-56

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
