---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 5"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-5"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 5

**चौ०** 
> मुदित महीपति मंदिर आए। सेवक सचिव सुमंत्रु बोलाए॥  
> कहि जयजीव सीस तिन्ह नाए। भूप सुमंगल बचन सुनाए॥१॥

भावार्थ: राजा आनन्दित होकर महलमें आये और उन्होंने सेवकोंको तथा मन्त्री सुमन्त्रको बुलवाया। उन लोगोंने ‘जय-जीव’ कहकर सिर नवाये। तब राजाने सुन्दर मङ्गलमय वचन ( श्रीरामजीको युवराज-पद देनेका प्रस्ताव ) सुनाये॥ १ ॥

**चौ०** 
> जौं पाँचहि मत लागै नीका। करहु हरषि हियँ रामहि टीका॥२॥

भावार्थ: [ और कहा— ] यदि पंचोंको ( आप सबको ) यह मत अच्छा लगे, तो हृदयमें हर्षित होकर आपलोग श्रीरामचन्द्रका राजतिलक कीजिये॥ २ ॥

**चौ०** 
> मंत्री मुदित सुनत प्रिय बानी। अभिमत बिरवँ परेउ जनु पानी॥  
> बिनती सचिव करहिं कर जोरी। जिअहु जगतपति बरिस करोरी॥३॥

भावार्थ: इस प्रिय वाणीको सुनते ही मन्त्री ऐसे आनन्दित हुए मानो उनके मनोरथरूपी पौधेपर पानी पड़ गया हो। मन्त्री हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि हे जगत्पति! आप करोड़ों वर्ष जियें॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जग मंगल भल काजु बिचारा। बेगिअ नाथ न लाइअ बारा॥  
> नृपहि मोदु सुनि सचिव सुभाषा। बढ़त बौंड़ जनु लही सुसाखा॥४॥

भावार्थ: आपने जगत्‌भरका मङ्गल करनेवाला भला काम सोचा है। हे नाथ! शीघ्रता कीजिये, देर न लगाइये। मन्त्रियोंकी सुन्दर वाणी सुनकर राजाको ऐसा आनन्द हुआ मानो बढ़ती हुई बेल सुन्दर डालीका सहारा पा गयी हो॥ ४ ॥

**दो०** 
> कहेउ भूप मुनिराज कर जोइ जोइ आयसु होइ।  
> राम राज अभिषेक हित बेगि करहु सोइ सोइ॥५॥

भावार्थ: राजाने कहा—श्रीरामचन्द्रके राज्याभिषेकके लिये मुनिराज वसिष्ठजीकी जो-जो आज्ञा हो, आपलोग वही सब तुरंत करें॥ ५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-4  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-6

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
