---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 47"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-47"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 47

**चौ०** 
> मिलेहि माझ बिधि बात बेगारी। जहँ तहँ देहिं कैकइहि गारी॥  
> एहि पापिनिहि बूझि का परेऊ। छाइ भवन पर पावकु धरेऊ॥१॥

भावार्थ: सब मेल मिल गये थे ( सब संयोग ठीक हो गये थे ), इतनेमें ही विधाताने बात बिगाड़ दी! जहाँ-तहाँ लोग कैकेयीको गाली दे रहे हैं! इस पापिनको क्या सूझ पड़ा जो इसने छाये घरपर आग रख दी॥१॥

**चौ०** 
> निज कर नयन काढ़ि चह दीखा। डारि सुधा बिषु चाहत चीखा॥  
> कुटिल कठोर कुबुद्धि अभागी। भइ रघुबंस बेनु बन आगी॥२॥

भावार्थ: यह अपने हाथसे अपनी आँखोंको निकालकर ( आँखोंके बिना ही ) देखना चाहती है, और अमृत फेंककर विष चखना चाहती है! यह कुटिल, कठोर, दुर्बुद्धि और अभागिनी कैकेयी रघुवंशरूपी बाँसके वनके लिये अग्नि हो गयी!॥ २ ॥

**चौ०** 
> पालव बैठि पेड़ एहिं काटा। सुख महुँ सोक ठाटु धरि ठाटा॥  
> सदा रामु एहि प्रान समाना। कारन कवन कुटिलपनु ठाना॥३॥

भावार्थ: पत्तेपर बैठकर इसने पेड़को काट डाला। सुखमें शोकका ठाट ठटकर रख दिया! श्रीरामचन्द्रजी इसे सदा प्राणोंके समान प्रिय थे। फिर भी न जाने किस कारण इसने यह कुटिलता ठानी॥३॥

**चौ०** 
> सत्य कहहिं कबि नारि सुभाऊ। सब बिधि अगहु अगाध दुराऊ॥  
> निज प्रतिबिंबु बरुकु गहि जाई। जानि न जाइ नारि गति भाई॥४॥

भावार्थ: कवि सत्य ही कहते हैं कि स्त्रीका स्वभाव सब प्रकारसे पकड़में न आने योग्य अथाह और भेदभरा होता है। अपनी परछाहीं भले ही पकड़ जाय, पर भाई! स्त्रियोंकी गति ( चाल ) नहीं जानी जाती॥४॥

**दो०** 
> काह न पावकु जारि सक का न समुद्र समाइ।  
> का न करै अबला प्रबल केहि जग कालु न खाइ॥४७॥

भावार्थ: आग क्या नहीं जला सकती! समुद्रमें क्या नहीं समा सकता! अबला कहानेवाली प्रबल स्त्री [ जाति ] क्या नहीं कर सकती! और जगत्‌में काल किसको नहीं खाता!॥४७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-46  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-48

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
