---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 41"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-41"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 41

**चौ०** 
> निधरक बैठि कहइ कटु बानी। सुनत कठिनता अति अकुलानी॥  
> जीभ कमान बचन सर नाना। मनहुँ महिप मृदु लच्छ समाना॥१॥

भावार्थ: कैकेयी बेधड़क बैठी ऐसी कड़वी वाणी कह रही है जिसे सुनकर स्वयं कठोरता भी अत्यन्त व्याकुल हो उठी। जीभ धनुष है, वचन बहुत-से तीर हैं और मानो राजा ही कोमल निशानेके समान हैं॥१॥

**चौ०** 
> जनु कठोरपनु धरें सरीरू। सिखइ धनुषबिद्या बर बीरू॥  
> सबु प्रसंगु रघुपतिहि सुनाई। बैठि मनहुँ तनु धरि निठुराई॥२॥

भावार्थ: [ इस सारे साज-सामानके साथ ] मानो स्वयं कठोरपन श्रेष्ठ वीरका शरीर धारण करके धनुषविद्या सीख रहा है। श्रीरघुनाथजीको सब हाल सुनाकर वह ऐसे बैठी है, मानो निष्ठुरता ही शरीर धारण किये हुए हो॥ २॥

**चौ०** 
> मन मुसुकाइ भानुकुल भानू। रामु सहज आनंद निधानू॥  
> बोले बचन बिगत सब दूषन। मृदु मंजुल जनु बाग बिभूषन॥३॥

भावार्थ: सूर्यकुलके सूर्य, स्वाभाविक ही आनन्दनिधान श्रीरामचन्द्रजी मनमें मुसकराकर सब दूषणोंसे रहित ऐसे कोमल और सुन्दर वचन बोले जो मानो वाणीके भूषण ही थे— ॥३॥

**चौ०** 
> सुनु जननी सोइ सुतु बड़भागी। जो पितु मातु बचन अनुरागी॥  
> तनय मातु पितु तोषनिहारा। दुर्लभ जननि सकल संसारा॥४॥

भावार्थ: हे माता! सुनो, वही पुत्र बड़भागी है, जो पिता-माताके वचनोंका अनुरागी ( पालन करनेवाला ) है। [ आज्ञा-पालनके द्वारा ] माता-पिताको सन्तुष्ट करनेवाला पुत्र, हे जननी! सारे संसारमें दुर्लभ है॥४॥

**दो०** 
> मुनिगन मिलनु बिसेषि बन सबहि भाँति हित मोर।  
> तेहि महँ पितु आयसु बहुरि संमत जननी तोर॥४१॥

भावार्थ: वनमें विशेषरूपसे मुनियोंका मिलाप होगा, जिसमें मेरा सभी प्रकारसे कल्याण है। उसमें भी, फिर पिताजीकी आज्ञा और हे जननी! तुम्हारी सम्मति है॥४१॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-40  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-42

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
