---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 40"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-40"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 40

**चौ०** 
> सूखहिं अधर जरइ सबु अंगू। मनहुँ दीन मनिहीन भूअंगू॥  
> सरुष समीप दीखि कैकेई। मानहुँ मीचु घरीं गनि लेई॥१॥

भावार्थ: राजाके ओठ सूख रहे हैं और सारा शरीर जल रहा है, मानो मणिके बिना साँप दुःखी हो रहा हो। पास ही क्रोधसे भरी कैकेयीको देखा, मानो [ साक्षात् ] मृत्यु ही बैठी [ राजाके जीवनकी अन्तिम ] घड़ियाँ गिन रही हो॥१॥

**चौ०** 
> करुनामय मृदु राम सुभाऊ। प्रथम दीख दुखु सुना न काऊ॥  
> तदपि धीर धरि समउ बिचारी। पूँछी मधुर बचन महतारी॥२॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीका स्वभाव कोमल और करुणामय है। उन्होंने [ अपने जीवनमें ] पहली बार यह दुःख देखा; इससे पहले कभी उन्होंने दुःख सुना भी न था। तो भी समयका विचार करके हृदयमें धीरज धरकर उन्होंने मीठे वचनोंसे माता कैकेयीसे पूछा— ॥२॥

**चौ०** 
> मोहि कहु मातु तात दुख कारन। करिअ जतन जेहिं होइ निवारन॥  
> सुनहु राम सबु कारनु एहू। राजहि तुम्ह पर बहुत सनेहू॥३॥

भावार्थ: हे माता! मुझे पिताजीके दुःखका कारण कहो ताकि जिससे उसका निवारण हो ( दुःख दूर हो ) वह यत्न किया जाय। [ कैकेयीने कहा— ] हे राम! सुनो, सारा कारण यही है कि राजाका तुमपर बहुत स्नेह है॥३॥

**चौ०** 
> देन कहेन्हि मोहि दुइ बरदाना। मागेउँ जो कछु मोहि सोहाना॥  
> सो सुनि भयउ भूप उर सोचू। छाड़ि न सकहिं तुम्हार सँकोचू॥४॥

भावार्थ: इन्होंने मुझे दो वरदान देनेको कहा था। मुझे जो कुछ अच्छा लगा, वही मैंने माँगा। उसे सुनकर राजाके हृदयमें सोच हो गया; क्योंकि ये तुम्हारा संकोच नहीं छोड़ सकते॥४॥

**दो०** 
> सुत सनेहु इत बचनु उत संकट परेउ नरेसु।  
> सकहु त आयसु धरहु सिर मेटहु कठिन कलेसु॥४०॥

भावार्थ: इधर तो पुत्रका स्नेह है और उधर वचन ( प्रतिज्ञा ); राजा इसी धर्मसंकटमें पड़ गये हैं। यदि तुम कर सकते हो, तो राजाकी आज्ञा शिरोधार्य करो और इनके कठिन क्लेशको मिटाओ॥४०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-39  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-41

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
