---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 4"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-4"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 4

**चौ०** 
> सब बिधि गुरु प्रसन्न जियँ जानी। बोलेउ राउ रहँसि मृदु बानी॥  
> नाथ रामु करिअहिं जुबराजू। कहिअ कृपा करि करिअ समाजू॥१॥

भावार्थ: अपने जीमें गुरुजीको सब प्रकारसे प्रसन्न जानकर, हर्षित होकर राजा कोमल वाणीसे बोले—हे नाथ! श्रीरामचन्द्रको युवराज कीजिये। कृपा करके कहिये ( आज्ञा दीजिये ) तो तैयारी की जाय॥ १ ॥

**चौ०** 
> मोहि अछत यहु होइ उछाहू। लहहिं लोग सब लोचन लाहू॥  
> प्रभु प्रसाद सिव सबइ निबाहीं। यह लालसा एक मन माहीं॥२॥

भावार्थ: मेरे जीते-जी यह आनन्द-उत्सव हो जाय, [ जिससे ] सब लोग अपने नेत्रोंका लाभ प्राप्त करें। प्रभु ( आप )-के प्रसादसे शिवजीने सब कुछ निबाह दिया ( सब इच्छाएँ पूर्ण कर दीं ), केवल यही एक लालसा मनमें रह गयी है॥ २ ॥

**चौ०** 
> पुनि न सोच तनु रहउ कि जाऊ। जेहिं न होइ पाछें पछिताऊ॥  
> सुनि मुनि दसरथ बचन सुहाए। मंगल मोद मूल मन भाए॥३॥

भावार्थ: [ इस लालसाके पूर्ण हो जानेपर ] फिर सोच नहीं, शरीर रहे या चला जाय, जिससे मुझे पीछे पछतावा न हो। दशरथजीके मङ्गल और आनन्दके मूल सुन्दर वचन सुनकर मुनि मनमें बहुत प्रसन्न हुए॥ ३ ॥

**चौ०** 
> सुनु नृप जासु बिमुख पछिताहीं। जासु भजन बिनु जरनि न जाहीं॥  
> भयउ तुम्हार तनय सोइ स्वामी। रामु पुनीत प्रेम अनुगामी॥४॥

भावार्थ: [ वसिष्ठजीने कहा— ] हे राजन्‌! सुनिये, जिनसे विमुख होकर लोग पछताते हैं और जिनके भजन बिना जीकी जलन नहीं जाती, वही स्वामी ( सर्वलोकमहेश्वर ) श्रीरामजी आपके पुत्र हुए हैं, जो पवित्र प्रेमके अनुगामी हैं। [ श्रीरामजी पवित्र प्रेमके पीछे-पीछे चलनेवाले हैं, इसीसे तो प्रेमवश आपके पुत्र हुए हैं ]॥ ४ ॥

**दो०** 
> बेगि बिलंबु न करिअ नृप साजिअ सबुइ समाजु।  
> सुदिन सुमंगलु तबहिं जब रामु होहिं जुबराजु॥४॥

भावार्थ: हे राजन्‌! अब देर न कीजिये; शीघ्र सब सामान सजाइये। शुभ दिन और सुन्दर मङ्गल तभी है जब श्रीरामचन्द्रजी युवराज हो जायँ ( अर्थात्‌ उनके अभिषेकके लिये सभी दिन शुभ और मङ्गलमय हैं )॥ ४ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-3  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-5

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
