---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 37"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-37"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 37

**चौ०** 
> राम राम रट बिकल भुआलू। जनु बिनु पंख बिहंग बेहालू॥  
> हृदयँ मनाव भोरु जनि होई। रामहि जाइ कहै जनि कोई॥१॥

भावार्थ: राजा ‘राम-राम’ रट रहे हैं और ऐसे व्याकुल हैं, जैसे कोई पक्षी पंखके बिना बेहाल हो। वे अपने हृदयमें मनाते हैं कि सबेरा न हो, और कोई जाकर श्रीरामचन्द्रजीसे यह बात न कहे॥१॥

**चौ०** 
> उदउ करहु जनि रबि रघुकुल गुर। अवध बिलोकि सूल होइहि उर॥  
> भूप प्रीति कैकइ कठिनाई। उभय अवधि बिधि रची बनाई॥२॥

भावार्थ: हे रघुकुलके गुरु ( बड़ेरे मूलपुरुष ) सूर्यभगवान्‌! आप अपना उदय न करें। अयोध्याको [ बेहाल ] देखकर आपके हृदयमें बड़ी पीड़ा होगी। राजाकी प्रीति और कैकेयीकी निष्ठुरता दोनोंको ब्रह्माने सीमातक रचकर बनाया है ( अर्थात्‌ राजा प्रेमकी सीमा हैं और कैकेयी निष्ठुरताकी )॥२॥

**चौ०** 
> बिलपत नृपहि भयउ भिनुसारा। बीना बेनु संख धुनि द्वारा॥  
> पढ़हिं भाट गुन गावहिं गायक। सुनत नृपहि जनु लागहिं सायक॥३॥

भावार्थ: विलाप करते-करते ही राजाको सबेरा हो गया। राजद्वारपर वीणा, बाँसुरी और शंखकी ध्वनि होने लगी। भाटलोग विरुदावली पढ़ रहे हैं और गवैये गुणोंका गान कर रहे हैं। सुननेपर राजाको वे बाण-जैसे लगते हैं॥३॥

**चौ०** 
> मंगल सकल सोहाहिं न कैसें। सहगामिनिहि बिभूषन जैसें॥  
> तेहिं निसि नीद परी नहिं काहू। राम दरस लालसा उछाहू॥४॥

भावार्थ: राजाको ये सब मङ्गल-साज कैसे नहीं सुहा रहे हैं, जैसे पतिके साथ सती होनेवाली स्त्रीको आभूषण! श्रीरामचन्द्रजीके दर्शनकी लालसा और उत्साहके कारण उस रात्रिमें किसीको भी नींद नहीं आयी॥४॥

**दो०** 
> द्वार भीर सेवक सचिव कहहिं उदित रबि देखि।  
> जागेउ अजहुँ न अवधपति कारनु कवनु बिसेषि॥३७॥

भावार्थ: राजद्वारपर मन्त्रियों और सेवकोंकी भीड़ लगी है। वे सब सूर्यको उदय हुआ देखकर कहते हैं कि ऐसा कौन-सा विशेष कारण है कि अवधपति दशरथजी अभीतक नहीं जागे?॥३७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-36  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-38

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
