---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 33"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-33"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 33

**चौ०** 
> जिऐ मीन बरु बारि बिहीना। मनि बिनु फनिकु जिऐ दुख दीना॥  
> कहउँ सुभाउ न छलु मन माहीं। जीवनु मोर राम बिनु नाहीं॥१॥

भावार्थ: मछली चाहे बिना पानीके जीती रहे और साँप भी चाहे बिना मणिके दीन-दुखी होकर जीता रहे। परन्तु मैं स्वभावसे ही कहता हूँ, मनमें [ जरा भी ] छल रखकर नहीं कि मेरा जीवन रामके बिना नहीं है॥१॥

**चौ०** 
> समुझि देखु जियँ प्रिया प्रबीना। जीवनु राम दरस आधीना॥  
> सुनि मृदु बचन कुमति अति जरई। मनहुँ अनल आहुति घृत परई॥२॥

भावार्थ: हे चतुर प्रिये! जीमें समझ देख, मेरा जीवन श्रीरामके दर्शनके अधीन है। राजाके कोमल वचन सुनकर दुर्बुद्धि कैकेयी अत्यन्त जल रही है। मानो अग्निमें घीकी आहुतियाँ पड़ रही हैं॥२॥

**चौ०** 
> कहइ करहु किन कोटि उपाया। इहाँ न लागिहि राउरि माया॥  
> देहु कि लेहु अजसु करि नाहीं। मोहि न बहुत प्रपंच सोहाहीं॥३॥

भावार्थ: [ कैकेयी कहती है— ] आप करोड़ों उपाय क्यों न करें, यहाँ आपकी माया ( चालबाजी ) नहीं लगेगी। या तो मैंने जो माँगा है सो दीजिये, नहीं तो ‘नाहीं’ करके अपयश लीजिये। मुझे बहुत प्रपञ्च ( बखेड़े ) नहीं सुहाते॥३॥

**चौ०** 
> रामु साधु तुम्ह साधु सयाने। राममातु भलि सब पहिचाने॥  
> जस कौसिलाँ मोर भल ताका। तस फलु उन्हहि देउँ करि साका॥४॥

भावार्थ: राम साधु हैं, आप सयाने साधु हैं और रामकी माता भी भली हैं; मैंने सबको पहचान लिया है। कौसल्याने मेरा जैसा भला चाहा है, मैं भी साका करके ( याद रखनेयोग्य ) उन्हें वैसा ही फल दूँगी॥४॥

**दो०** 
> होत प्रातु मुनिबेष धरि जौं न रामु बन जाहिं।  
> मोर मरनु राउर अजस नृप समुझिअ मन माहिं॥३३॥

भावार्थ: सबेरा होते ही मुनिका वेष धारणकर यदि राम वनको नहीं जाते, तो हे राजन्‌! मनमें [ निश्चय ] समझ लीजिये कि मेरा मरना होगा और आपका अपयश!॥३३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-32  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-34

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
