---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 32"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-32"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 32

**चौ०** 
> राम सपथ सत कहउँ सुभाऊ। राममातु कछु कहेउ न काऊ॥  
> मैं सबु कीन्ह तोहि बिनु पूँछें। तेहि तें परेउ मनोरथु छूछें॥१॥

भावार्थ: रामकी सौ बार सौगंध खाकर मैं स्वभावसे ही कहता हूँ कि रामकी माता ( कौसल्या ) ने [ इस विषयमें ] मुझसे कभी कुछ नहीं कहा। अवश्य ही मैंने तुमसे बिना पूछे यह सब किया। इसीसे मेरा मनोरथ खाली गया॥१॥

**चौ०** 
> रिस परिहरु अब मंगल साजू। कछु दिन गएँ भरत जुबराजू॥  
> एकहि बात मोंहि दुखु लागा। बर दूसर असमंजस मागा॥२॥

भावार्थ: अब क्रोध छोड़ दे और मङ्गल साज सज। कुछ ही दिनों बाद भरत युवराज हो जायँगे। एक ही बातका मुझे दुःख लगा कि तूने दूसरा वरदान बड़ी अड़चनका माँगा॥२॥

**चौ०** 
> अजहूँ हृदउ जरत तेहि आँचा। रिस परिहास कि साँचेहुँ साँचा॥  
> कहु तजि रोषु राम अपराधू। सबु कोउ कहइ रामु सुठि साधू॥३॥

भावार्थ: उसकी आँचसे अब भी मेरा हृदय जल रहा है। यह दिल्लगीमें, क्रोधमें अथवा सचमुच ही ( वास्तवमें ) सच्चा है? क्रोधको त्यागकर रामका अपराध तो बता। सब कोई तो कहते हैं कि राम बड़े ही साधु हैं॥३॥

**चौ०** 
> तुहूँ सराहसि करसि सनेहू। अब सुनि मोहि भयउ संदेहू॥  
> जासु सुभाउ अरिहि अनुकूला। सो किमि करिहि मातु प्रतिकूला॥४॥

भावार्थ: तू स्वयं भी रामकी सराहना करती और उनपर स्नेह किया करती थी। अब यह सुनकर मुझे सन्देह हो गया है [ कि तुम्हारी प्रशंसा और स्नेह कहीं झूठे तो न थे? ] जिसका स्वभाव शत्रुको भी अनुकूल है, वह माताके प्रतिकूल आचरण क्योंकर करेगा?॥४॥

**दो०** 
> प्रिया हास रिस परिहरहि मागु बिचारि बिबेकु।  
> जेहिं देखौं अब नयन भरि भरत राज अभिषेकु॥३२॥

भावार्थ: हे प्रिये! हँसी और क्रोध छोड़ दे और विवेक ( उचित-अनुचित ) विचारकर वर माँग, जिससे अब मैं नेत्र भरकर भरतका राज्याभिषेक देख सकूँ॥३२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-31  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-33

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
