---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 315"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-315"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 315

**चौ०** 
> तात तुम्हारि मोरि परिजन की। चिंता गुरहि नृपहि घर बन की॥  
> माथे पर गुर मुनि मिथिलेसू। हमहि तुम्हहि सपनेहुँ न कलेसू॥१॥

भावार्थ: हे तात! तुम्हारी, मेरी, परिवारकी, घरकी और वनकी सारी चिन्ता गुरु वसिष्ठजी और महाराज जनकजीको है। हमारे सिरपर जब गुरुजी, मुनि विश्वामित्रजी और मिथिलापति जनकजी हैं, तब हमें और तुम्हें स्वप्नमें भी क्लेश नहीं है॥१॥

**चौ०** 
> मोर तुम्हार परम पुरुषारथु। स्वारथु सुजसु धरमु परमारथु॥  
> पितु आयसु पालिहिं दुहु भाईं। लोक बेद भल भूप भलाईं॥२॥

भावार्थ: मेरा और तुम्हारा तो परम पुरुषार्थ, स्वार्थ, सुयश, धर्म और परमार्थ इसीमें है कि हम दोनों भाई पिताजीकी आज्ञाका पालन करें। राजाकी भलाई ( उनके व्रतकी रक्षा ) से ही लोक और वेद दोनोंमें भला है॥२॥

**चौ०** 
> गुरु पितु मातु स्वामि सिख पालें। चलेहुँ कुमग पग परहिं न खालें॥  
> अस बिचारि सब सोच बिहाई। पालहु अवध अवधि भरि जाई॥३॥

भावार्थ: गुरु, पिता, माता और स्वामीकी शिक्षा ( आज्ञा ) का पालन करनेसे कुमार्गपर भी चलनेसे पैर गड्ढेमें नहीं पड़ता ( पतन नहीं होता )। ऐसा विचारकर सब सोच छोड़कर अवध जाकर अवधिभर उसका पालन करो॥३॥

**चौ०** 
> देसु कोसु परिजन परिवारू। गुर पद रजहिं लाग छरुभारू॥  
> तुम्ह मुनि मातु सचिव सिख मानी। पालेहु पुहुमि प्रजा रजधानी॥४॥

भावार्थ: देश, खजाना, कुटुम्ब, परिवार आदि सबकी जिम्मेदारी तो गुरुजीकी चरण-रजपर है। तुम तो मुनि वसिष्ठजी, माताओं और मन्त्रियोंकी शिक्षा मानकर तदनुसार पृथ्वी, प्रजा और राजधानीका पालन ( रक्षा )-भर करते रहना॥४॥

**दो०** 
> मुखिआ मुखु सो चाहिऐ खान पान कहुँ एक।  
> पालइ पोषइ सकल अँग तुलसी सहित बिबेक॥३१५॥

भावार्थ: तुलसीदासजी कहते हैं—[ श्रीरामजीने कहा— ] मुखिया मुखके समान होना चाहिये, जो खाने-पीनेको तो एक ( अकेला ) है, परन्तु विवेकपूर्वक सब अंगोंका पालन-पोषण करता है॥३१५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-314  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-316

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
