---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 31"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-31"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 31

**चौ०** 
> आगें दीखि जरत रिस भारी। मनहुँ रोष तरवारि उघारी॥  
> मूठि कुबुद्धि धार निठुराई। धरी कूबरीं सान बनाई॥१॥

भावार्थ: प्रचण्ड क्रोधसे जलती हुई कैकेयी सामने इस प्रकार दिखायी पड़ी, मानो क्रोधरूपी तलवार नंगी ( म्यानसे बाहर ) खड़ी हो। कुबुद्धि उस तलवारकी मूठ है, निष्ठुरता धार है और वह कुबरी ( मन्थरा ) रूपी सानपर धरकर तेज की हुई है॥१॥

**चौ०** 
> लखी महीप कराल कठोरा। सत्य कि जीवनु लेइहि मोरा॥  
> बोले राउ कठिन करि छाती। बानी सबिनय तासु सोहाती॥२॥

भावार्थ: राजाने देखा कि यह ( तलवार ) बड़ी ही भयानक और कठोर है [ और सोचा— ] क्या सत्य ही यह मेरा जीवन लेगी? राजा अपनी छाती कड़ी करके, बहुत ही नम्रताके साथ उसे ( कैकेयीको ) प्रिय लगनेवाली वाणी बोले— ॥२॥

**चौ०** 
> प्रिया बचन कस कहसि कुभाँती। भीर प्रतीति प्रीति करि हाँती॥  
> मोरें भरतु रामु दुइ आँखी। सत्य कहउँ करि संकरु साखी॥३॥

भावार्थ: हे प्रिये! हे भीरु! विश्वास और प्रेमको नष्ट करके ऐसे बुरी तरहके वचन कैसे कह रही हो। मेरे तो भरत और रामचन्द्र दो आँखें ( अर्थात्‌ एक-से ) हैं; यह मैं शङ्करजीकी साक्षी देकर सत्य कहता हूँ॥३॥

**चौ०** 
> अवसि दूतु मैं पठइब प्राता। ऐहहिं बेगि सुनत दोउ भ्राता॥  
> सुदिन सोधि सबु साजु सजाई। देउँ भरत कहुँ राजु बजाई॥४॥

भावार्थ: मैं अवश्य सबेरे ही दूत भेजूँगा। दोनों भाई ( भरत-शत्रुघ्न ) सुनते ही तुरंत आ जायँगे। अच्छा दिन ( शुभ मुहूर्त्त ) शोधवाकर, सब तैयारी करके डंका बजाकर मैं भरतको राज्य दे दूँगा॥४॥

**दो०** 
> लोभु न रामहि राजु कर बहुत भरत पर प्रीति।  
> मैं बड़ छोट बिचारि जियँ करत रहेउँ नृपनीति॥३१॥

भावार्थ: रामको राज्यका लोभ नहीं है और भरतपर उनका बड़ा ही प्रेम है। मैं ही अपने मनमें बड़े-छोटेका विचार करके राजनीतिका पालन कर रहा था ( बड़ेको राजतिलक देने जा रहा था )॥३१॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-30  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-32

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
