---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 286"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-286"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 286

**चौ०** 
> प्रिय परिजनहि मिली बैदेही। जो जेहि जोगु भाँति तेहि तेही॥  
> तापस बेष जानकी देखी। भा सबु बिकल बिषाद बिसेषी॥१॥

भावार्थ: जानकीजी अपने प्यारे कुटुम्बियोंसे—जो जिस योग्य था, उससे उसी प्रकार मिलीं। जानकीजीको तपस्विनीके वेषमें देखकर सभी शोकसे अत्यन्त व्याकुल हो गये॥ १ ॥

**चौ०** 
> जनक राम गुर आयसु पाई। चले थलहि सिय देखी आई॥  
> लीन्हि लाइ उर जनक जानकी। पाहुनि पावन पेम प्रान की॥२॥

भावार्थ: जनकजी श्रीरामजीके गुरु वसिष्ठजीकी आज्ञा पाकर डेरेको चले और आकर उन्होंने सीताजीको देखा। जनकजीने अपने पवित्र प्रेम और प्राणोंकी पाहुनी जानकीजीको हृदयसे लगा लिया॥ २ ॥

**चौ०** 
> उर उमगेउ अंबुधि अनुरागू। भयउ भूप मनु मनहुँ पयागू॥  
> सिय सनेह बटु बाढ़त जोहा। ता पर राम पेम सिसु सोहा॥३॥

भावार्थ: उनके हृदयमें [ वात्सल्य ] प्रेमका समुद्र उमड़ पड़ा। राजाका मन मानो प्रयाग हो गया। उस समुद्रके अंदर उन्होंने [ आदिशक्ति ] सीताजीके [ अलौकिक ] स्नेहरूपी अक्षयवटको बढ़ते हुए देखा। उस ( सीताजीके प्रेमरूपी वट ) पर श्रीरामजीका प्रेमरूपी बालक ( बालरूपधारी भगवान्‌ ) सुशोभित हो रहा है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> चिरजीवी मुनि ग्यान बिकल जनु। बूड़त लहेउ बाल अवलंबनु॥  
> मोह मगन मति नहिं बिदेह की। महिमा सिय रघुबर सनेह की॥४॥

भावार्थ: जनकजीका ज्ञानरूपी चिरंजीवी ( मार्कण्डेय ) मुनि व्याकुल होकर डूबते-डूबते मानो उस श्रीरामप्रेमरूपी बालकका सहारा पाकर बच गया। वस्तुतः [ ज्ञानिशिरोमणि ] विदेहराजकी बुद्धि मोहमें मग्न नहीं है। यह तो श्रीसीतारामजीके प्रेमकी महिमा है [ जिसने उन-जैसे महान्‌ ज्ञानीके ज्ञानको भी विकल कर दिया ]॥ ४ ॥

**दो०** 
> सिय पितु मातु सनेह बस बिकल न सकी सँभारि।  
> धरनिसुताँ धीरजु धरेउ समउ सुधरमु बिचारि॥२८६॥

भावार्थ: पिता-माताके प्रेमके मारे सीताजी ऐसी विकल हो गयीं कि अपनेको सँभाल न सकीं। [ परन्तु परम धैर्यवती ] पृथ्वीकी कन्या सीताजीने समय और सुन्दर धर्मका विचार कर धैर्य धारण किया॥ २८६ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-285  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-287

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
